सुशीला देवी, गुरुग्राम। डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 78 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को गुरुग्राम साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के भागलपुर निवासी मोहम्मद सैफ अली और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने शिकायत दी थी कि 21 से 28 नवंबर 2025 के बीच खुद को पुलिस अधिकारी बताने वाले साइबर ठगों ने उसे डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर 78 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर करा लिए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 3 जून को भागलपुर से सैफ अली और 5 जून को गाजियाबाद से सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि ठगी की रकम में से 24 लाख रुपये सैफ अली के बैंक खाते में आए थे। सैफ ने यह खाता 70 हजार रुपये में सौरभ को बेचा था, जबकि सौरभ ने आगे इसे 2.20 लाख रुपये में किसी अन्य व्यक्ति को सौंप दिया। जांच में यह भी सामने आया कि सैफ अली के इसी बैंक खाते से जुड़ी ठगी की 52 शिकायतें पहले से दर्ज हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

