करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक अधिकारी को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी एक किसान को भारी जुर्माने का डर दिखाकर पैसों की मांग कर रहा था। शनिवार को न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एसीबी इंस्पेक्टर के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान चांदवीर के रूप में हुई है, जो वन विभाग में फॉरेस्ट ऑफिसर के पद पर तैनात है। जांच में सामने आया कि असंध के जींद रोड निवासी एक किसान अपने खेत में फार्म हाउस का निर्माण कर रहा था। आरोपी चांदवीर ने किसान पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने और पेड़ काटने का आरोप लगाते हुए उसे 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाने की धमकी दी थी।
किसान को डराने के उद्देश्य से आरोपी ने जेसीबी की मदद से फार्म हाउस के सामने गड्ढे भी खुदवा दिए थे। इसके बाद आरोपी ने किसान को ब्लैकमेल करना शुरू किया, जिसके बाद मामला डेढ़ लाख रुपये में तय हुआ। किसान द्वारा इसकी शिकायत एसीबी को दिए जाने के बाद विभाग ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
शुक्रवार रात चांदवीर ने किसान को असंध रोड स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में बुलाया था। जैसे ही किसान ने उसे डेढ़ लाख रुपये की राशि सौंपी, वहां पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। टीम ने साक्ष्य के तौर पर रिश्वत की राशि के नोटों पर विशेष पाउडर लगाया था और उनके नंबर पहले ही दर्ज कर लिए थे।
शनिवार दोपहर आरोपी का सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एसीबी अधिकारियों ने आम जन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है या रिश्वत की मांग करता है, तो बिना डरे इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें।

