शरद पाठक, पांढुर्णा। मध्य प्रदेश के पांढुर्णा शहर में सनसनी फैलाने वाले बहुचर्चित विनय ज्वेलर्स डकैती कांड का पुलिस ने महज आठ दिनों के भीतर ही बड़ा खुलासा कर दिया है। नवनियुक्त जिला पुलिस अधीक्षक विदिता डागर के कुशल निर्देशन और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

लाखों के जेवर और नकदी बरामद 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 45 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 2 लाख 20 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली हैं। इस घटना के बाद से शहर के व्यापारी वर्ग और पीड़ित परिवार में भारी दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ था। 

पुलिस द्वारा इतनी जल्दी आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी से पीड़ित परिवार के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों ने भी राहत की सांस ली है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इनके अन्य साथियों और आपराधिक इतिहास का पता लगाने में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m