अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय अंतर्गत एमएसएमई विकास एवं सुविधा कार्यालय पटना द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत सासाराम में तीन दिवसीय प्रदर्शनी सह व्यापार मेला का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी उदिता सिंह ने शुक्रवार को दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया, जो 27 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक सासाराम स्थित रेलवे स्टेडियम में आयोजित होगा।

पारंपरिक कारीगरों को मिलेगा बढ़ावा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि प्रदर्शनी सह मेले का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें प्रत्यक्ष बाजार उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगर जैसे बढ़ई, लोहार, कुम्हार, दर्जी, सुनार, नाई, राजमिस्त्री, मोची एवं अन्य शिल्पकार अपने उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री करेंगे तथा मेले में भाग लेने वाले कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन के साथ-साथ ग्राहकों एवं व्यापारियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।

वित्तीय सहायता और सही मार्गदर्शन

इसके अतिरिक्त कारीगरों को मेले में सरकारी योजनाओं की जानकारी, उद्यमिता परामर्श, वित्तीय सहायता तथा बैंकिंग सेवाओं से संबंधित मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। दरअसल प्रदर्शनी में पारंपरिक हस्तशिल्प एवं कारीगरी का सजीव प्रदर्शन किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को स्थानीय कला एवं शिल्प से परिचित होने का अवसर प्राप्त होगा। वहीं कार्यक्रम में आम नागरिकों के लिए प्रवेश निःशुल्क है।

प्रदर्शनी में भाग लेने की अपील

कार्यक्रम के समन्वयक घमण्डी लाल मीणा (सहायक निदेशक, एमएसएमई विकास एवं सुविधा कार्यालय, पटना) ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों को व्यापक बाज़ार उपलब्ध कराना एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने जिले के नागरिकों, उद्यमियों एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लेने की अपील की है।

ये भी पढ़ें- ‘जब कोई बड़ा नेता फंस जाता है…’, शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल के बरी होने पर नीतीश के मंत्री का बड़ा बयान