Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बेहद ही चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पत्नी पर जहर देकर पति की हत्या करने और फिर सबतू मिटाने के लिए कमरे में आग लगाने की कोशिश का गंभीर आरोप लगा है। पूरा मामला सकरा थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव की है।

इलाज के दौरान अंशु ने तोड़ा दम

मृतक युवक की पहचान अंशु कुमार के रूप में हुई है। दरअसल कमरे से धुआं उठता देख परिजनों और आस-पास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने अंशु को बाहर निकाला, उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लोग उसे तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर शहर के एक बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि इस बीच इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जहर देकर हत्या का आरोप

परिजनों का आरोप है कि अंशु को पहले जहर दिया गया, जिसके बाद उसे कमरे में छोड़कर आग लगा दी गई, ताकि इसे घटना का रूप दिया जा सके। चौकाने वाली बात यह भी है कमरे के अंदर बिस्तर और अन्य सामान तो जले हुए थे। लेकिन अंशु का शरीर नाम मात्र ही झुलसा हुआ था, जिससे घटना को लेकर शक और गहरा हो गया है।

पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लिया

मृतक के भाई उदय सिंह ने अंशु की पत्नी स्वीटी भारती पर हत्या का आरोप लगाया है। उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ शुकर रही है। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

लोन नहीं चुकाने को लेकर होता था विवाद

परिजनों ने बताया कि अंशु ने घर बनाने के लिए बैंक से लोन लिया था, जिसकी किस्तें नहीं भर पाने के कारण घर पर नोटिस चिपकाया गया था। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। बता दें कि अंशु की शादी साल 2021 में हुई थी। अंशु और स्वीटी को दो छोटे बच्चे भी है। शादी के दो साल बाद एक हादसे में उसका पैर टूट गया था, जिसके बाद वह पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हो पाया। उसे चलने फिरने में भी दिक्कत होती थी।

छानबीन में जुटी पुलिस

घटना को लेकर गांव में लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। फिलहाल पुलिस गंभीरता से मामले की जांच कर रही है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिर उसके आधार पर पुलिस कार्रवाई की आगे बढ़ाएगी।

ये भी पढ़ें- प्रेमी संग फरार हुई भाभी, 7 साल की ननद का अपहरण कर मांगी 5 लाख की फिरौती