वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले से इस वक्त की एक बेहद संवेदनशील और सवालों से घिरी खबर सामने आ रही है। दरअसल पावापुरी स्थित तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर में पढ़ने वाली आठवीं कक्षा की 13 वर्षीय छात्रा कृति कुमारी की मंगलवार को अचानक संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इस घटना ने न सिर्फ परिजनों को बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मृतका कृति कुमारी सरबहदा थाना क्षेत्र के सरबहदा गांव की रहने वाली थी। वह प्रतिदिन स्कूल बस से पावापुरी स्थित तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर में पढ़ने आती-जाती थी। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि स्कूल बस में ही अचानक छात्रा की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तुरंत भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान अस्पताल, पावापुरी लाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं, परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि बच्ची की मौत स्कूल परिसर में ही हो चुकी थी और सच्चाई छिपाने के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया। परिजनों के अनुसार कृति कुमारी पूरी तरह स्वस्थ थी और वह सुबह घर में पूजा-पाठ करने के बाद सामान्य स्थिति में स्कूल के लिए निकली थी।
घटना की सूचना मिलते ही पावापुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें- नालंदा में 45 हजार का घूस लेते राजस्व कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार, जमीन परिमार्जन के बदले मांगी थी रिश्वत
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


