अनिल शर्मा,बराड़ा। मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग 15 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू करने जा रहा है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्वयं हस्ताक्षरित फॉर्म जमा करने वाले मतदाताओं के नाम ही प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।

मंगलवार को लघु सचिवालय बराड़ा में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में मुलाना विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम सतीन्द्र सिवाच ने बीएलओ को अभियान से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में शामिल होना जरूरी है, जबकि अपात्र नामों को हटाकर सूची को अधिक सटीक बनाया जाएगा।

15 जून से 14 जुलाई तक चलेगा घर-घर सर्वे

एसडीएम ने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को एन्यूमरेशन फॉर्म की दो प्रतियां उपलब्ध कराएंगे। मतदाताओं को फॉर्म भरकर हस्ताक्षर सहित बीएलओ को वापस देना होगा। इच्छुक नागरिक इसे सीधे निर्वाचन कार्यालय में भी जमा करवा सकते हैं।

बिना फॉर्म के नाम सूची में शामिल नहीं होगा

निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे, जिनके स्वयं हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त होंगे। नए मतदाताओं को फॉर्म-6 के साथ निर्धारित घोषणा-पत्र भी जमा करना होगा।

मतदान केंद्रों का भी होगा रैशनलाइजेशन

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के साथ इस बार मतदान केंद्रों का रैशनलाइजेशन भी किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया 14 जुलाई तक पूरी होगी। अभियान की अर्हता तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

जुलाई में प्रारंभिक सूची, सितंबर में अंतिम प्रकाशन

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 21 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन होगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा 18 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 22 सितंबर 2026 को प्रकाशित होगी।

जनप्रतिनिधियों का भी लिया जाएगा सहयोग

एसडीएम सतीन्द्र सिवाच ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सरपंचों, नंबरदारों, चौकीदारों, पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही मतदाताओं की सुविधा के लिए चुनाव कार्यालय में हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग दें और समय पर फॉर्म जमा कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।