सूरत के अडाजन इलाके में लगभग 10 साल पहले हुई 2.63 करोड़ रुपये की बड़ी जेवर ठगी के मामले में पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित कारोबारी को जब पता चला कि आरोपी किसी अन्य धोखाधड़ी के मामले में साबरमती जेल में बंद हैं, तब वे विदेश से भारत लौटे और अडाजन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
विश्वास में लेकर दिया धोखा
अडाजन के मधुवन सर्कल स्थित ‘एसओएम एंड कंपनी ज्वैलर्स’ के संचालक राजेश पारिख के अनुसार, वर्ष 2016 में अनिलभाई विभाणी, उनकी पत्नी विम्मीबेन और बेटी तर्विनी नियमित ग्राहक के रूप में उनकी दुकान पर आते थे। परिवार हर हफ्ते नकद भुगतान करके गहने खरीदता था, जिससे दुकानदार का उन पर भरोसा बन गया। अक्टूबर 2016 में दिवाली के अवसर पर आरोपियों ने बेटी के लिए 2.63 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण पसंद किए। ज्वैलर्स ने भरोसे पर गहने आरोपियों के घर पहुंचा दिए।
नोटबंदी का फायदा उठाकर दिया चकमा
गहने लेते समय आरोपियों ने 50 लाख रुपये के छह चेक दिए और दिवाली के बाद भुगतान का वादा किया। 8 नवंबर 2016 को नोटबंदी की घोषणा होते ही आरोपियों ने ज्वैलर से कहा कि बैंक खाते में पर्याप्त रकम नहीं है, इसलिए अभी चेक जमा न करें। ज्वैलर ने उन पर भरोसा किया, लेकिन कुछ समय बाद आरोपियों के फोन बंद हो गए। जब चेक बैंक में जमा किए गए तो सभी बाउंस हो गए।
कारोबार बंद कर विदेश चले गए थे पीड़ित
धोखाधड़ी का अहसास होने पर जब ज्वैलर आरोपियों के घर पहुंचे, तो पता चला कि पूरा परिवार सूरत छोड़कर अहमदाबाद भाग चुका है। करोड़ों के नुकसान के कारण राजेश पारिख ने 2018 में ज्वेलरी का कारोबार बंद कर दिया और विदेश चले गए। हाल ही में उन्हें पता चला कि आरोपी अनिलभाई विभाणी पर लोक कलाकार कीर्तिदान गढ़वी से 4.75 करोड़ की ठगी सहित अहमदाबाद में कई मामले दर्ज हैं और वह साबरमती जेल में बंद है, जिसके बाद उन्होंने भारत लौटकर यह FIR दर्ज कराई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें



