प्रजापति, सिरसा। गुरुवार सुबह इनकम टैक्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन प्रतिष्ठित व्यापारियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। विभाग की टीमें अलसुबह दो गाड़ियों में पहुंचीं और करीब चार से पांच घंटे तक गहन जांच-पड़ताल की।

इस कार्रवाई की जद में भादरा बाजार के चीनी व्यापारी सुभाष गोयल, नोहरिया बाजार के कारोबारी ललित और कल्याण नगर निवासी सुशील साहूवाला आए हैं। छापेमारी के दौरान टीम ने बैंक लेनदेन, बिलिंग रिकॉर्ड और टैक्स रिटर्न से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला।

सूत्रों के मुताबिक, इन व्यापारियों के पुराने दिल्ली स्थित कारोबार में जीएसटी चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। विभाग को सूचना मिली थी कि व्यापार से जुड़े अहम रिकॉर्ड घरों पर छिपाकर रखे गए हैं। जांच टीम कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले गई है और संबंधित कारोबारियों से पूछताछ भी की गई है।

इस बड़ी कार्रवाई के बाद सिरसा के व्यापारिक जगत में दिनभर हड़कंप मचा रहा। हालांकि, अभी तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद बड़े खुलासे हो सकते हैं।