अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले में एक बड़ा ही भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, 6 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना नवगछिया अनुमंडल के झंडापुर थाना अंतर्गत एनएच 31 की है, जहां खगड़िया की तरफ से आ रही एक बस और नवगछिया की ओर जा रही दो छोटी गाड़ियों की आपस में टक्कर हो गई।

इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें दो लोगों की पहचान हो सकी है। एक का नाम कुणाल कुमार, उम्र 6 वर्ष, पिता अमन निषाद, साकिन मारर, थाना मोरकाही, जिला खगरडिया है। दूसरे का नाम कटिहार जिला के पोठीया थाना के समेली ग्राम के शिबू मंडल के पुत्र अरविंद मंडल है। वहीं, अन्य दो मृतकों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, घटना में घायल 6 लोगों को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल मायागंज में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी, पुलिस अधीक्षक नवगछिया प्रेरणा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवगछिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी बिहपुर, अंचलाधिकारी बिहपुर घटनास्थल पर पहुंचे और घायल लोगों को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचवाया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- दुखद: शादी के दो महीने बाद ही उजड़ गया सुहाग, हैदराबाद लिफ्ट हादसे में मोतिहारी के युवक की दर्दनाक मौत