Patna Road Accident: पटना में कल शनिवार की रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। घटना कोइलवर पुल पर की है, जहां देर रात करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक ऑटो को जोरदर टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था की ऑटो में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात बाधित हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार ऑटो सवार सभी लोग किसी कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इस दौरान जब वे कोइलवर पुल पर पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे तक उड़ गए।

रात का समय होने की वजह से राहत और बचाव कार्य में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालांकि स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना देने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और उन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा।

इस भीषण दुर्घटना में ऑटो सवार 5 यात्रियों की जहां मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए ईएसआईसी अस्पताल, बिहटा में भर्ती कराया गया। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे, जहां अपनों की हालत देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक चीख-पुकार मच गई। उधर घटना के बाद ट्रक चालक मौके ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार ट्रक चालक की पहचान करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें- Bihar Weather Report: बिहार में मौसम ने फिर से ली करवट, दो दिनों तक बारिश और कोहरे का अलर्ट जारी, जानें अपने जिलों का हॉल?