Vaibhav Suryavanshi 100 T20 Sixes Mission: आईपीएल 2026 का मंच तैयार है. 19वें सीजन में कई नए और पुराने खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे, लेकिन सबकी नजर जिस नाम पर रहेगी, वो 14 साल के वैभव सूर्यवंशी हैं, जो एक नए मिशन के तहत आईपीएल 2026 में तबाही मचाने उतरेंगे. वैभव ने पिछले साल ही इस लीग में डेब्यू किया था और अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सभी के होश उड़ा दिए थे. अब यह नया शेर अपने दूसरे सीजन को खास और यादगार बनाने की पूरी कोशिश करेगा. वैभव इस बार ‘100 छक्के और 1000 रन’ के मिशन के साथ मैदान पर उतरेंगे. आइए जानते हैं डिटेल में.

दरअसल, वैभव अपने टी20 करियर में अब तक सिर्फ 18 मैच खेल चुके हैं और इस दौरान वह 62 छक्कों के दम पर कुल 701 रन बना चुके हैं. यह अपने आप में बड़ी बात है. IPL 2026 के जरिए उनके पास अपने टी20 करियर में 100 छक्के और 1000 रन का आंकड़ा छूने का शानदार मौका है. वैभव इसी मिशन के साथ गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने मैदान पर उतरेंगे. उनके लिए यह मिशन मुश्किल जरूर दिखता है, लेकिन जिस अंदाज में वह बल्लेबाजी करते हैं, उसमें बाउंड्री छोटी और रिकॉर्ड्स बौने नजर आते हैं.

2025 में वैभव ने क्या किया था?

वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2025 में ड्रीम डेब्यू किया था. उन्होंने सिर्फ 7 मैच खेलकर 1 शतक और 1 अर्धशतक के साथ 206.55 की स्ट्राइक रेट से 257 रन बनाए थे. उन्होंने गुजरात की टीम के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों पर शतक जड़ा था, जो इस लीग के इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है, साथ ही किसी युवा बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक भी है.

38 छक्के और 299 रनों की दरकार

अगर ओवरऑल टी20 करियर की बात करें, तो वैभव ने अब तक 18 मुकाबले खेलकर 204.37 की स्ट्राइक रेट और 3 शतक के साथ 701 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 62 छक्के लगाए हैं. अब वह IPL 2026 के जरिए 100 छक्के और 1000 टी20 रन पूरे करना चाहेंगे. इसके लिए उन्हें 38 छक्के और 299 रनों की जरूरत है.

175 रनों का महारिकॉर्ड तोड़ना चाहते हैं वैभव सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 के लिए अपने इरादे पहले ही साफ कर चुके हैं. हाल ही में उनसे हर्षा भोगले ने एक इंटरव्यू में पूछा था कि वह 2026 सीजन में कौन सा रिकॉर्ड तोड़ना चाहेंगे. उन्हें तीन विकल्प दिए गए थे, जिनमें से वैभव ने क्रिस गेल के सबसे बड़े रिकॉर्ड को तोड़ने की इच्छा जताई थी. वैभव चाहते हैं कि वह IPL इतिहास के सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर (175 रन) का रिकॉर्ड तोड़ें.

यह भी जानना जरूरी है कि U-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ वैभव 80 गेंदों में 175 रन बना चुके हैं. ऐसे में उनके लिए कोई भी रिकॉर्ड नामुमकिन नहीं लगता.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H