न्यामुद्दीन अली ,अनूपपुर। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 91 लाख रुपये की बड़ी धोखाधड़ी का मामला थाना जैतहरी में सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए न केवल अपराध पंजीबद्ध किया, बल्कि अब तक ठगी गई रकम में से करीब 25 लाख रुपये को होल्ड कराकर पीड़ित को राहत देने की दिशा में अहम कदम उठाया है।

READ MORE: मनोज बाजपेयी स्टारर वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडित’ पर बवाल, मानवाधिकार आयोग पहुंचा मामला, नोटिस जारी 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 3 फरवरी 2026 को फरियादी राकेश अग्रवाल, निवासी जैतहरी ने थाना जैतहरी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी पेशे से गल्ला व्यापारी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि दिनांक 19 जनवरी 2026 को उन्हें वाट्सएप कॉल के जरिए एक अज्ञात व्यक्ति ने संपर्क किया। कॉल करने वाले ने अपना नाम पीटर पॉल बताया और खुद को क्रिप्टो करेंसी मार्केट का सीनियर अकाउंट मैनेजर बताते हुए अधिक मुनाफे का लालच  दिया। आरोपी ने भरोसे में लेकर फरियादी को क्रिप्टो करेंसी में निवेश के लिए प्रेरित किया और विभिन्न किस्तों में रकम जमा करवाई। इस तरह आरोपी ने छलपूर्वक फरियादी से कुल 91 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया, जब मुनाफा नहीं मिला और संपर्क टूट गया, तब फरियादी को ठगी का एहसास हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। 

READ MORE: हनी ट्रैप में फंसा युवक: इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर मिलने बुलाया, फिर नग्न वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर 56 हजार लूटे, युवती समेत दो आरोपी गिरफ्तार  

विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक करीब 25 लाख रुपये की राशि को होल्ड करा लिया है। इस राशि को वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर फरियादी को वापस दिलाने की कार्यवाही जारी है। जैतहरी थाना प्रभारी अमर वर्मा का कहना है कि प्रकरण में संलिप्त आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि ऑनलाइन निवेश, विशेषकर क्रिप्टो करेंसी के नाम पर होने वाले प्रलोभनों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर भरोसा न करे। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m