सुशीला देवी, गुरुग्राम. झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर करीब 90 लाख रुपये लेने के आरोप में 24 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया है। सदर गुरुग्राम थाना पुलिस ने महिला को सोहना रोड स्थित सेक्टर-47 के कॉफी हाउस से 50 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही उसके बैंक खाते में करीब 95 लाख रुपये फ्रीज करवाए गए हैं।

तीन साल पहले ऑनलाइन ऐप पर हुई थी मुलाकात
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी। उसने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले उसकी एक महिला से ऑनलाइन ऐप के जरिए मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और मुलाकातें होने लगीं।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बाद में महिला ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर लगातार पैसे मांगने लगी।
बैंक ट्रांजेक्शन और नकद से लिए करीब 90 लाख
शिकायतकर्ता के मुताबिक, महिला अब तक बैंक ट्रांजेक्शन और नकद के जरिए उससे करीब 90 लाख रुपये ले चुकी थी। इसके बावजूद उससे और रकम की मांग की जा रही थी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला को पकड़ने की योजना बनाई। इसके तहत शिकायतकर्ता को महिला ने 50 हजार रुपये लेकर सोहना रोड स्थित सेक्टर-47 के एक कॉफी हाउस में बुलाया।
रकम लेते ही सादे कपड़ों में पहुंची पुलिस
पुलिस टीम सादे कपड़ों में कॉफी हाउस पहुंची। महिला जैसे ही 50 हजार रुपये लेने पहुंची, पुलिस ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला की पहचान सूर्यदीता दास के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और वर्तमान में गुरुग्राम के सुशांत लोक में रह रही थी।
दो दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने महिला को अदालत में पेश किया। अदालत से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

