रेणु अग्रवाल, धार। Shardiya Navratri 2026: शक्ति उपासना के महापर्व शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर कल से प्रसिद्ध गढ़कालिका माता मंदिर में नौ दिवसीय मेले और विशेष दर्शन का आयोजन शुरू होने जा रहा है। नवरात्री पर्व को लेकर मंदिर प्रशासन और नगर पालिका की तैयारियां  अंतिम चरण में हैं। 

इसी सिलसिले में कलेक्टर राजीव रंजन मीणा ने वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ गढ़कालिका मंदिर प्रांगण का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था, लाइटिंग, पेयजल और आकस्मिक चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की। 

उन्होंने मंदिर समिति और संबंधित अधिकारियों को पर्व के दौरान दूर-दराज से आने वाले दर्शनार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके कड़े निर्देश दिए। कलेक्टर ने पुलिस अधिकारियों को गढ़कालिका क्षेत्र में वाहनों के दबाव को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित करने और यातायात के सुचारू संचालन के लिए विशेष रूट प्लान लागू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने यह भी कहा कि महिला श्रद्धालुओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा रखी जाए। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m