हर्षराज गुप्ता, खरगोन। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खरगोन शहर के जवाहर मार्ग पर स्थित बृजेश ट्रेडिंग कंपनी पर छापामार कार्रवाई की है। दुकान पर धौलपुर फ्रेश ब्रांड के नाम से बेचे जा रहे देशी घी में मिलावट और नकली होने की आशंका के चलते विभाग ने यह कदम उठाया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से लगभग 2 लाख 17 हजार रुपये कीमत का 364 लीटर देशी घी जब्त कर सील कर दिया है।

भोपाल लैब भेजे गए 4 सैंपल

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक दबिश देकर दुकान से अलग-अलग पैकिंग के 4 सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एच. एल. आवस्या ने बताया कि जवाहर मार्ग स्थित बृजेश ट्रेडिंग कंपनी पर नकली और मिलावटी घी बेचने की शिकायत व आशंका पर यह कार्रवाई की गई है। जब्त किए गए 364 लीटर घी की जांच रिपोर्ट भोपाल से आने के बाद नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m