सतीश सिंह, लखनऊ. पासपोर्ट और वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी भारत में वर्षों से कथित तौर पर अवैध रूप से रह रही उज्बेकिस्तान की महिला लोला क्यूमोवा को लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू विदेशी महिलाओं की पहचान बदलने के लिए प्लास्टिक सर्जरी कराए जाने का आरोप है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

45 वर्षीय लोला क्यूमोवा पुत्री अलिमद जमोवना, मूल निवासी ताशकंद, उज्बेकिस्तान, को एफआरआरओ से मिली सूचना के आधार पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक वह वीजा और पासपोर्ट की अवधि समाप्त होने के बावजूद कई वर्षों से भारत के अलग-अलग राज्यों में छिपकर रह रही थी.

इसे भी पढ़ें : FB पर ‘विदेशी हसीना’ की फर्जी दोस्ती, फिर 68 लाख की ठगी! नाइजीरियन साइबर गैंग का सदस्य गिरफ्तार

विदेशी महिला और भारतीय पहचान का कॉकटेल

जांच में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह आया कि विदेशी नागरिक होने के बावजूद लोला के पास दो आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस कैसे पहुंच गए. पुलिस के अनुसार पूछताछ में महिला ने भी स्वीकार किया कि उसने ये दस्तावेज नियमों के विपरीत बनवाए थे. मामला सिर्फ अवैध रूप से भारत में रहने तक सीमित नहीं है. जांच अब इस बात पर भी केंद्रित है कि विदेशी नागरिकों को भारतीय दस्तावेज उपलब्ध कराने वाला नेटवर्क कौन चला रहा था.

पहचान बदलने के लिए सर्जरी का कनेक्शन

सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज वर्ष 2025 के मुकदमे में आरोप है कि कुछ लोग आर्थिक लाभ के लिए ऐसे विदेशी नागरिकों को भारत में रहने में मदद करते थे, जिनके पासपोर्ट या वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी. पुलिस ने यह भी आरोप लगाया है कि आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी किए बिना विदेशी महिलाओं की पहचान बदलने के लिए प्लास्टिक सर्जरी/ऑपरेशन कराया जाता था.

इसे भी पढ़ें : जिसे LOVE समझा, धोखा निकलाः शादी का झांसा देकर युवती से रेप, मारपीट कर दी धमकी, जानिए मोहब्बत से ‘मुसीबत’ बनने की पूरी कहानी

मोबाइल में मिले सुराग, खुलेगा पूरा नेटवर्क?

पुलिस के मुताबिक लोला के दोनों मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं. इन्हें खंगालकर उसके संपर्क में रहने वाले लोगों और कथित गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है. पूछताछ में महिला ने अलग-अलग राज्यों और जिलों में अनैतिक देह व्यापार कराने की बात भी बताई है. पुलिस के अनुसार इस गतिविधि में कुछ अन्य महिलाएं भी शामिल हो सकती हैं. इस दावे की भी जांच की जा रही है.

राजाजीपुरम से अर्जुनगंज तक ठिकाने

पुलिस रिकॉर्ड में लोला के दो पते सामने आए हैं. उसका एक पता तुलसी विहार कॉलोनी, राजाजीपुरम, थाना तालकटोरा, लखनऊ और दूसरा आर्किट बी, ओमेक्स सरसवां, पुलिस हेडक्वार्टर, अर्जुनगंज, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ बताया गया है. पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन (वीवो और सैमसंग), तीन बैंक कार्ड, दो आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है. इसके अलावा 39,740 रुपये नकद और पीली व सफेद धातु के कई आभूषण भी मिले हैं.