दिल्ली के शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के हैदरपुर इलाके में झुग्गियों में रहने वाले परिवारों के लिए सरकार पक्के मकान बनाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हैदरपुर स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में निशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ करते हुए यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि झुग्गियों में रहने वाले परिवारों को बेहतर और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के लिए सरकार काम कर रही है। हैदरपुर में रहने वाले पात्र परिवारों के लिए पक्के मकान बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। इस घोषणा से लंबे समय से झुग्गियों में रह रहे परिवारों को स्थायी आवास मिलने की उम्मीद जगी है।
स्वास्थ्य शिविर में लोगों की हुई निशुल्क जांच
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर में स्थानीय लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें बीमारियों से बचाव और बेहतर स्वास्थ्य को लेकर जरूरी जानकारी भी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हैदरपुर में झुग्गियों में रहने वाले परिवारों के लिए पक्के आवास बनाने की योजना को लेकर जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने झुग्गीवासियों से संवाद किया और बताया कि आवास निर्माण का काम दो चरणों में किया जाएगा।
पहले चरण में एयू और एओ ब्लॉक की झुग्गियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चरण में हैदरपुर के एयू ब्लॉक और एओ ब्लॉक में रहने वाले झुग्गीवासियों के लिए पक्के मकान बनाए जाएंगे। इसके लिए आवास निर्माण के टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इन दोनों क्षेत्रों के आसपास जमीन चिह्नित की जा रही है, जिसके बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
दूसरे चरण में अस्पताल क्षेत्र की झुग्गियां
उन्होंने बताया कि योजना के दूसरे चरण में हैदरपुर आयुर्वेदिक अस्पताल क्षेत्र की झुग्गियों को शामिल किया जाएगा। इसके लिए आसपास उपयुक्त जमीन की तलाश की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी पात्र परिवारों को बेहतर और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
‘किसी को हटाना सरकार का मकसद नहीं’
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के नाम पर क्षेत्र की एक भी झुग्गी नहीं तोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद किसी को हटाना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन को बेहतर बनाना है। इसके लिए झुग्गी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नए शौचालय, साफ पानी के लिए वाटर एटीएम, अटल कैंटीन, नई सीवर लाइन, पानी की पाइपलाइन और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को हैदरपुर स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में लोगों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवाएं सिर्फ अस्पतालों तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें नागरिकों के और करीब पहुंचाया जाए, ताकि लोगों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।
12वीं तक के स्कूल के लिए 5 हजार गज जमीन
मुख्यमंत्री ने बताया कि हैदरपुर क्षेत्र में लंबे समय से 12वीं कक्षा तक के एक बड़े विद्यालय की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसके लिए करीब 5,000 गज जमीन नए स्कूल के निर्माण के लिए उपलब्ध कराई गई है। इससे क्षेत्र के बच्चों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सामुदायिक भवन का टेंडर जारी
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए भी टेंडर जारी किया जा चुका है। इसके अलावा नहर के किनारे नए छठ घाट का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को छठ पूजा के दौरान बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर खुला, बनेगा ‘निरोग धाम’
मुख्यमंत्री ने कहा कि हैदरपुर में नया आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किया गया है। आने वाले समय में क्षेत्र में ‘निरोग धाम’ विकसित करने की योजना है। यहां आयुर्वेदिक और एलोपैथिक, दोनों पद्धतियों से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


