Rajasthan News: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को जयपुर में कांग्रेस के सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े कार्यकर्ताओं की बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में कांग्रेस की सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत, सह प्रभारी ऋत्विक मकवाना और पूनम पासवान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में डोटासरा ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर तीखे सवाल उठाए। मीडिया से बातचीत में गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि अफसरों ने शायद मुख्यमंत्री पर कोई काला जादू कर दिया है। अफसर मंत्रियों और विधायकों की नहीं सुन रहे हैं।

सरकार की दिशा पर सवाल
डोटासरा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भ्रमण और भाषण में व्यस्त हैं, लेकिन जनता के कार्यों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, “भले ही भजनलाल शर्मा पर्ची से मुख्यमंत्री बने हैं, लेकिन अब उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि राज्य की सरकार असल में कौन चला रहा है।”
किरोड़ी मीणा पर निर्णय लेने की मांग
डोटासरा ने चुटकी लेते हुए कहा कि तीन महीने बीत जाने के बाद भी मुख्यमंत्री यह तय नहीं कर पाए हैं कि डॉ. किरोड़ी लाल मीणा मंत्री हैं या नहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि दिल्ली में कुछ समय रुककर इस मुद्दे पर फैसला करें ताकि इस भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके।
एसआई भर्ती पेपर लीक पर होड़
एसआई भर्ती पेपर लीक मामले पर डोटासरा ने कहा कि किरोड़ी लाल मीणा इस परीक्षा को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसा कि इस पर मुख्यमंत्री और किरोड़ी लाल के बीच ताकत की होड़ चल रही है, और जल्द फैसला लेना जरूरी है।
उपचुनाव में भाजपा की हार की भविष्यवाणी
आगामी उपचुनावों पर बात करते हुए डोटासरा ने दावा किया कि भाजपा सात सीटों पर होने वाले उपचुनाव में एक भी सीट नहीं जीत पाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास पिछले दस महीने से कोई स्पष्ट नीति नहीं है, जिससे जनता में निराशा है।
केंद्र सरकार पर कटाक्ष
डोटासरा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार भले ही गिर जाए, लेकिन राजस्थान में भाजपा सरकार पांच साल पूरे करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भाजपा ने अब भी सबक नहीं लिया तो पंचायत और नगर निकाय चुनाव में भी जनता उन्हें सबक सिखाएगी।
पढ़ें ये खबरें भी
- महंगे शौक ने बनाया चेन स्नेचर: डिलीवरी बॉय बनकर करते थे रेकी, 17 लाख के माल के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
- शादी के मंडप में धोखे का खुलासा: दुल्हन ने विदाई के समय साथ जाने से किया इनकार, प्रेमिका ने भेजे मैसेज-फोटो; पुलिस थाने पहुंचे दोनों पक्ष
- CG Coal Scam: कोल घोटाले में 1200 पेज का चौथा पूरक चालान पेश, शैल फर्मों के माध्यम से सूर्यकांत तिवारी लेता था रुपये
- जेवर एयरपोर्ट को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली ग्रीनफील्ड कनेक्टिविटी परियोजना को केंद्र की मंजूरी, सीएम योगी बोले- विकसित यूपी का मजबूत आधार बनेगा ये प्रोजेक्ट
- इंडिगो के CEO पीटर एलबर्स ने दिया इस्तीफा: दिसंबर में फ्लाइट ऑपरेशन में हुई थी गड़बड़ी, अब फाउंडर राहुल भाटिया संभालेंगे कमान
