कुंदन कुमार, पटना। आज हुए नामांकन कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ एनडीए के कई अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद रहे। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने गठबंधन की जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया।
कर्मठ और जुझारू उम्मीदवारों पर जताया भरोसा
मीडिया से बात करते हुए मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि आज एनडीए गठबंधन के अधिकृत उम्मीदवार नीरज कुमार और नवल जी ने अपना नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने दोनों नेताओं की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों उम्मीदवार बेहद कर्मठ और जुझारू हैं। उन्होंने हमेशा शिक्षकों के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ी है और उन्हें उनका हक दिलाया है।
उन्होंने नीरज कुमार के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि वे पार्टी के मुख्य प्रवक्ता होने के साथ-साथ पटना स्नातक क्षेत्र से तीन बार शानदार जीत दर्ज कर चुके हैं। शिक्षकों के बीच उनकी मजबूत पकड़ और सेवाभाव को देखते हुए एनडीए को इस चुनाव में भारी बढ़त मिलने की पूरी उम्मीद है।
नीतीश कुमार के विकास कार्यों और मोदी के विजन का जिक्र
निशांत कुमार ने बिहार के शिक्षकों से खास अपील करते हुए कहा कि वे नीतीश कुमार द्वारा राज्य के विकास के लिए किए गए अनगिनत कार्यों और प्रयासों को जरूर याद रखें। उन्होंने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास के नए आयाम गढ़े हैं।
आगे बोलते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के विकास कार्यों और नीतियों को आगे बढ़ाने का काम वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूरी निष्ठा के साथ कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के मिशन में जुटा हुआ है।
शिक्षकों से एनडीए उम्मीदवारों को समर्थन देने की अपील
अपनी बात को समाप्त करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बिहार के सभी मतदाताओं, विशेषकर शिक्षक वर्ग से अपील की कि वे एकजुट होकर एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करें। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षक समुदाय एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में खुलकर सामने आएगा और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाकर विधानसभा भेजेगा।

