शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल से सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिल्डिंग मटेरियल ठेकेदार का अपहरण कर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। बदमाशों ने ठेकेदार और उसके पार्टनर को बंधक बनाकर न केवल मारपीट की, बल्कि जबरन ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर कराने के साथ खाली चेक पर भी दस्तखत करवा लिए। बैरसिया थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देवास निवासी बिल्डिंग मटेरियल ठेकेदार मंगेश जायसवाल अपने पार्टनर सोनू शेख के साथ जा रहे थे। इसी दौरान विदिशा के पास कुछ बदमाशों ने उनकी कार रोक ली और दोनों का अपहरण कर लिया। आरोपी उन्हें पास के जंगल में ले गए, जहां उनके मोबाइल फोन छीनकर मारपीट की और 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
होटल के कमरे में रखा बंद, जबरन कराए साइन
जंगल में बंधक बनाने के बाद आरोपी दोनों पीड़ितों को भोपाल ले आए और यहां होटल माया पैलेस में बंद कर दिया। बदमाशों ने दबाव बनाकर पीड़ित से 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। इसके साथ ही 3 लाख रुपये का एक चेक भी जबरन भरवाकर साइन करवा लिए।
बताया जा रहा है कि पीड़ित ठेकेदार ने आरोपियों को ब्लिंकिट में काम भी दिलाया था, जिसके बाद यह पूरा विवाद और वारदात सामने आई। बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़ितों ने बैरसिया थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

