बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय ने मिर्जापुर जेल में बंद सपा नेता और सभासद अवनीश मिश्रा से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली. सांसद ने जमीन रजिस्ट्री से जुड़े आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए.

मिर्जापुर. बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय ने शनिवार को मिर्जापुर जिला कारागार पहुंचकर जेल में बंद सपा नेता और सभासद अवनीश मिश्रा से मुलाकात की. उनके साथ सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी समेत पार्टी के कई अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद रहे.

सांसद ने अवनीश मिश्रा से बातचीत कर उनके खिलाफ दर्ज मामले की जानकारी ली. मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े आरोपों को लेकर सवाल उठाए.

आरोपों पर सवाल

सनातन पांडेय ने कहा कि जमीन की रजिस्ट्री को लेकर लगाए गए आरोप पूरी तरह नामुमकिन हैं. उनका कहना था कि मौजूदा समय में रजिस्ट्री की प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होती है, इसलिए रिवाल्वर की नोक पर रजिस्ट्री कराने का आरोप बेबुनियाद है.

सांसद ने यह भी कहा कि अवनीश मिश्रा ने अपने बैंक खाते से 20 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे. इसके बावजूद मामला 55 दिन बाद सामने लाया गया.

विधायक पर लगाए आरोप

सांसद सनातन पांडेय ने दावा किया कि यदि वास्तव में ऐसी घटना हुई थी तो मामला तत्काल दर्ज होना चाहिए था. उन्होंने बिना नाम लिए स्थानीय भाजपा विधायक पर कार्रवाई के पीछे साजिश का आरोप लगाया.

जब सांसद से विधायक का नाम पूछा गया तो उन्होंने सीधे तौर पर नाम नहीं लिया, लेकिन उनके इशारे सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा की ओर थे. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल कर यह कार्रवाई कराई गई है और कहा कि समय बदलता है तथा सरकारें आती-जाती रहती हैं.

सपा उठाएगी मामला

सनातन पांडेय ने कहा कि इस अन्याय के खिलाफ आने वाले समय में जवाब दिया जाएगा और समाजवादी पार्टी इस मामले को प्रमुखता से उठाएगी. दिल्ली में हो रहे ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी.

उन्होंने कहा कि सरकार को देश के किसानों, नौजवानों और बेरोजगारों का भी सम्मेलन बुलाना चाहिए. बता दें कि सपा नेता और वर्तमान सभासद अवनीश मिश्रा पर पिस्टल दिखाकर जबरन जमीन अपने नाम कराने का आरोप है और इसी मामले में वह जेल में बंद हैं.