लखनऊ. आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई छोड़ने की नौबत न आए, इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए वर्ष 2026-27 की छात्रवृत्ति प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है. पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत पात्र विद्यार्थी 11 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. सरकार का फोकस आवेदन से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया को पारदर्शी रखते हुए जरूरतमंद विद्यार्थियों तक सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाने पर है.

पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अनुसार, सामान्य विद्यार्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 अगस्त 2026 है, जबकि वर्ष 2026-27 सत्र के नए छात्रों के लिए आवेदन 21 सितंबर 2026 तक किए जा सकेंगे. विभाग ने पात्र विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन करने की अपील की है.

2 लाख तक वार्षिक आय वाले परिवार पात्र

योजना का लाभ उन पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को मिलेगा, जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय दो लाख रुपये तक है. छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के जरिए विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़े आर्थिक बोझ को कम करने का प्रयास किया जा रहा है. सरकार के मुताबिक, सहायता का उद्देश्य केवल फीस भरने तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा जारी रखने और उच्च शिक्षा तक पहुंच बनाने का अवसर देना है.

36 लाख से ज्यादा छात्रों को मिला लाभ

वर्ष 2025-26 में पिछड़ा वर्ग के 36 लाख से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिया गया. इनमें कक्षा 9 और 10 के 8.88 लाख विद्यार्थियों के खातों में 219.64 करोड़ रुपये भेजे गए. वहीं इंटरमीडिएट से लेकर उच्च शिक्षा तक के 27.86 लाख विद्यार्थियों को दशमोत्तर छात्रवृत्ति के तहत 2,882.02 करोड़ रुपये की सहायता दी गई. विभाग के अनुसार, पिछले नौ वर्षों में छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से करीब 22 करोड़ से अधिक छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है.

डीबीटी से सीधे खाते में पहुंचेगी रकम

सरकार ने छात्रवृत्ति वितरण में पारदर्शिता के लिए राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजने की व्यवस्था पर जोर दिया है. आवेदन के बाद निर्धारित स्तरों पर सत्यापन किया जाएगा और पात्र पाए जाने वाले छात्रों को सीधे आर्थिक सहायता मिलेगी. पिछड़ा वर्ग कल्याण निदेशक उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू होगी. उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करें.