वीरेंद्र कुमार, नालंदा। बिहार सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री एवं जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार का आज शुक्रवार (21 अगस्त) को जन्मदिन है। इस अवसर पर युवा जनता दल यूनाइटेड, नालंदा के कार्यकर्ताओं ने बिहारशरीफ स्थित बाबा मणिराम के समाधि स्थल पर विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान बाबा मणिराम को लंगोट अर्पित कर मंत्री श्रवण कुमार के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा जदयू जिलाध्यक्ष धीरज पटेल और नगर अध्यक्ष राहुल रंजन कुशवाहा ने संयुक्त रूप से की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि श्रवण कुमार हमेशा पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं तथा जरूरत पड़ने पर हरसंभव मदद करते हैं।

वक्ताओं ने कहा कि श्रवण कुमार लगातार अपने क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनते हैं और उनके समाधान के लिए प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, युवाओं, पिछड़ों और वंचितों की आवाज को मजबूती देने में मंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षा को समाज की सच्ची सेवा मानते हुए श्रवण कुमार लगातार युवाओं और छात्रों के हित में काम करने की बात करते हैं। उनके मार्गदर्शन को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कार्यकर्ताओं ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की प्रार्थना की।

युवा जदयू कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी के स्थापना काल से ही श्रवण कुमार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को मजबूती देने में सक्रिय रहे हैं। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में जदयू को लगातार मजबूत करने का संकल्प भी कार्यकर्ताओं ने लिया।

पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जन्मदिन की बधाई दी और मंत्री श्रवण कुमार के स्वस्थ जीवन तथा निरंतर जनसेवा के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

इस अवसर पर सौरभ पासवान, रोहित कुमार, अंगद पांडे, नरेश रविदास, टीटू कुमार, निशु कुमार, दीपांशु, अनुज कुमार, संजीत कुमार, सनी कुमार, धर्मपाल राज, आशीष कुमार, उत्तम कुमार, रोहित कुमार, अनुज कुमार, अर्णव कुमार, पीयूष राज उर्फ सोनू सहित बड़ी संख्या में युवा जदयू कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- मां ने बिस्कुट में जहर देकर की ढाई साल के मासूम की हत्या, खुद भी खाया, SKMCH में इलाज जारी