बराड़ा। (अनिल शर्मा). राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने बराड़ा-अधोया रोड स्थित न्यूयॉर्क पैलेस के समीप भगवान श्री परशुराम चौक का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. कुलदीप शर्मा ने की।
इस अवसर पर सांसद कार्तिकेय शर्मा ने भगवान श्री परशुराम चौक की आधारशिला रखे जाने पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान परशुराम केवल धार्मिक आस्था के प्रतीक ही नहीं, बल्कि न्याय, ज्ञान, अनुशासन और धर्म की रक्षा के प्रेरणास्रोत भी हैं। उनका जीवन शास्त्र और शस्त्र के संतुलन का संदेश देता है, जहां ज्ञान और शक्ति दोनों समाज के कल्याण के लिए समर्पित होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री परशुराम चौक केवल एक स्मारक नहीं होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भारतीय संस्कृति, संस्कार और न्याय के आदर्शों से प्रेरित करने का केंद्र बनेगा। भगवान परशुराम किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज के आराध्य हैं और उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
सांसद ने घोषणा की कि चौक के निर्माण पर आने वाला पूरा खर्च सांसद निधि से वहन किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि जहां-जहां देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां उनके रखरखाव की जिम्मेदारी भी समाज स्वयं उठाए तथा सप्ताह में कम से कम एक बार उनकी साफ-सफाई अवश्य करे।
कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि जहां भगवान परशुराम एवं ब्राह्मण समाज की धर्मशालाएं हैं, वहां एक कमरा उपलब्ध कराया जाए ताकि ‘ज्ञानगंगा केंद्र’ स्थापित किए जा सकें। इन केंद्रों पर युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित आधुनिक तकनीकी शिक्षा प्रदान की जाएगी। साथ ही सर्व समाज के विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
उन्होंने अपने ‘नमो शक्ति रथ’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान को समर्पित अभियान है। इसके तहत हरियाणा के गांव-गांव में महिलाओं की नि:शुल्क स्तन कैंसर स्क्रीनिंग कर उन्हें जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि बराड़ा क्षेत्र के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित एक एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएगी। इस एंबुलेंस के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर महिलाओं की नि:शुल्क स्तन कैंसर जांच की जाएगी।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष डिंपल राणा, जिला उपाध्यक्ष सतप्रकाश बिंजलपुर, रमेश पाल नोहनी, कुलराज शर्मा, हनी पाहवा, जसमेर राणा, संतोष गोयल, पिंटू राणा, विवेक शर्मा, डॉ. कीर्ति अत्रे, दविंदर बंसल, हरीश शर्मा, विवेक गुप्ता, संजय शर्मा, मोहित शर्मा मनका, बृजेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के गणमान्य व्यक्ति व नागरिक उपस्थित रहे।
- Delhi News Brief: युवक को थप्पड़ मारने पर मंत्री प्रवेश वर्मा ने दी सफाई; सीएम रेखा गुप्ता बोलीं- राहुल गांधी पर देशद्रोह का केस चले
- हरियाणा में आज मौसम रहेगा बदला-बदला, कुछ इलाकों में बारिश के आसार
- Morning News Brief: आज से होने वाली बैंकों की हड़ताल टली; कोहली के वनडे में सबसे तेज 15000 रन; दिल्ली के मंत्री ने युवक को थप्पड़ मारा
- UP में 80 घंटे की बारिश से हाहाकार, सीतापुर में 200 घर डूबे; 46 जिलों में बारिश का अलर्ट
- Bihar Today Weather: बिहार में मौसम ने फिर ली करवट, 12 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट


