अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. नौगढ़ तहसील क्षेत्र के भरदुआ और विशेश्वरपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर गुरुवार को उस समय जमकर हंगामा हो गया, जब वन विभाग, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची. कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पुलिस और प्रशासनिक टीम पर हमला कर दिया. हमले में पुलिस और वन विभाग के कई कर्मी घायल हुए हैं, जिनके सिर में चोटें आई हैं. घायल पुलिस और वन विभाग के कर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी! कांग्रेस का भाव चवन्नी, अठन्नी या रुपईया? ओपी राजभर ने किया पलटवार, राहुल गांधी से डरने की बात कहकर सीटों को लेकर भी किया बड़ा दावा
चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि पिछले करीब डेढ़ से तीन महीने से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था. ग्रामीणों द्वारा वन विभाग की जमीन पर कब्जे के प्रयास किए जा रहे थे. साथ ही कुछ ऐसी जमीन भी विवाद में शामिल है, जिस पर स्थानीय काश्तकार कई दशकों से पारंपरिक रूप से खेती करते आ रहे हैं. विवाद को लेकर पूर्व में भी वन विभाग, राजस्व और पुलिस टीम ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया था.
इसे भी पढ़ें- हम तो डूबे, तुमको भी ले डूबेंगे..! राम मंदिर चढ़ावा मामले में बड़ा ट्विस्ट, चंपत राय ने PM मोदी के ‘चहेते’ पर फोड़ा ठीकरा
एसपी के मुताबिक, बुधवार को वन विभाग की जमीन पर कथित रूप से अवैध तरीके से धान की रोपाई कर दी गई थी. इसी जमीन को खाली कराने के लिए गुरुवार को संयुक्त टीम मौके पर पहुंची थी. कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया. पुलिस ने महिला और पुरुष समेत कई ग्रामीणों को हिरासत में लिया है. घटना में करीब 70 से 80 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है. सभी की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा.

