Rajasthan Crime News: फैक्ट्री अकाउंटेंट निकला 14 लाख की लूट का मास्टरमाइंड, 10 दिन तक करता रहा रेकीराजस्थान के जोधपुर में बासनी क्षेत्र में हुई 14.69 लाख रुपये की लूट का खुलासा महज कुछ घंटों में हो गया। पुलिस जांच में पता चला कि इस वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि फैक्ट्री का अकाउंटेंट ही था।

बासनी थानाधिकारी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फैक्ट्री सुपरवाइजर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और लूट की पूरी रकम के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।
मुनीम को सौंपे थे 14 लाख रुपये
डीसीपी वेस्ट, राजर्षि राज वर्मा के अनुसार, चैनसुख सुथार नामक कारोबारी ने अपनी निजी फैक्ट्री के मुनीम राजेंद्र सिंह को 18 फरवरी को 14,69,000 रुपये दिए थे। ये रकम उनकी बचत से थी, जिसे उन्होंने भविष्य में भूखंड खरीदने के लिए रखा था। उन्होंने मुनीम से कहा कि जब भी जरूरत होगी, वह रकम वापस मंगवा लेंगे।
रास्ते में हुई लूट
बुधवार सुबह चैनसुख सुथार ने राजेंद्र सिंह को फोन कर पैसे लेकर फैक्ट्री आने को कहा। राजेंद्र सिंह तनावड़ा फांटा से फैक्ट्री की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में काले रंग की बुलेट पर हेलमेट पहने दो बदमाश आए। पीछे बैठे व्यक्ति ने लकड़ी के डंडे से वार कर मुनीम की बाइक के हैंडल से पैसों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।
डीसीपी ने बनाई स्पेशल टीम
लूट की खबर मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त निशांत भारद्वाज और एसीपी छवि शर्मा के सुपरविजन में बासनी थानाधिकारी नितिन दवे के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई।
अकाउंटेंट निकला मास्टरमाइंड
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फैक्ट्री कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध लगने पर गहन पूछताछ की गई, जिसमें फैक्ट्री के अकाउंटेंट कृष्णा सुथार की संलिप्तता सामने आई। तकनीकी विश्लेषण और मनोवैज्ञानिक आधार पर हुई पूछताछ में कृष्णा सुथार ने अपराध स्वीकार कर लिया।
10 दिन तक की गई थी रेकी
कृष्णा सुथार ने पुलिस को बताया कि उसने अपने दो सहयोगियों, सचिन बंजारा और किशोर बंजारा, के साथ मिलकर इस लूट की साजिश रची थी। वे बीते 10 दिनों से मुनीम राजेंद्र सिंह की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे और उसकी दिनचर्या को समझ रहे थे। मौका मिलते ही उन्होंने सुनसान इलाके में वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और लूटी गई पूरी रकम बरामद कर ली है।
पढ़ें ये खबरें
- CG News : समर्पण के बाद खुल रहे नक्सलियों के राज… जंगल से विस्फोटकों का जखीरा बरामद
- IAS Transfer : 8 DM समेत 38 अफसरों का तबादला, रिंकू सिंह राही को मिली तैनाती
- MP Road Accident: खून से लाल हुई सड़क, विदिशा, शहडोल और पन्ना में 5 की मौत, जानें किस तरह हुआ हादसा
- GT vs PBKS IPL 2026: गुजरात ने किया पिछली हार का हिसाब चुकता, रोमांचक मुकाबले में पंजाब 4 विकेट दी शिकस्त, साई सुदर्शन ने खेली अर्धशतकीय पारी
- देवभूमि उत्तराखण्ड की आध्यात्मिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी- धामी
