लखनऊ. बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल से पहले ग्राहकों के लिए राहत की खबर है. आज रविवार, 27 सितंबर को सरकारी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे. ग्राहक इस दौरान नकदी निकासी, चेक जमा और अन्य जरूरी बैंकिंग काम निपटा सकेंगे. 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की आशंका है.

इसे भी पढ़ें- भाजपा ही मुसीबत की जड़! कई स्मार्ट सिटी में जलभराव को लेकर अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना, घेरते हुए कह दी बड़ी बात

आज खुले रहेंगे बैंक और करेंसी चेस्ट

27 सितंबर को बैंक शाखाओं के अलावा ATM से जुड़ी शाखाएं और करेंसी चेस्ट भी खुले रखने की व्यवस्था की गई है. इसका उद्देश्य लगातार तीन दिन बैंक बंद रहने से ग्राहकों को होने वाली परेशानी को कम करना है. ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे जरूरी नकदी और अन्य काम पहले ही निपटा लें.

पांच दिन बैंकिंग समेत कई मांगें

बैंक कर्मचारी और अधिकारी लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं. इसके तहत सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की मांग है. इसके अलावा परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) की विसंगतियां दूर करने, खाली पदों पर भर्ती और पुरानी पेंशन बहाली समेत कई सेवा संबंधी मांगें भी शामिल हैं.

500 से ज्यादा शाखाओं में काम प्रभावित होने की आशंका

प्रस्तावित हड़ताल के दौरान प्रयागराज जिले की 500 से अधिक बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहने की आशंका जताई गई है. काउंटर से नकदी लेनदेन, चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट और पासबुक प्रिंटिंग जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. लगातार तीन दिन शाखाएं बंद रहने से कुछ ATM में नकदी की कमी की आशंका भी है.

इसे भी पढ़ें-SIR पर विपक्ष के विरोध को लेकर CM योगी का हमला, बोले- ‘पहले भी हो चुका है SIR’

UPI और मोबाइल बैंकिंग चलती रहने की उम्मीद

हड़ताल के दौरान UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है. हालांकि, बैंकिंग नेटवर्क या तकनीकी समस्या से डिजिटल लेनदेन प्रभावित हो सकता है. बैंक प्रबंधन की ओर से ATM में पर्याप्त नकदी उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है. केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों के सितंबर के वेतन-पेंशन का भुगतान भी 25 सितंबर तक कराने की व्यवस्था की थी.