दिल्ली-NCR में प्रदूषण के बढ़ते खतरे को देखते हुए नवंबर और दिसंबर में फिजिकल स्पोर्ट्स गतिविधियों पर रोक लगाने की तैयारी है। एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (CAQM) ने इस संबंध में दिल्ली सरकार और NCR के राज्यों को एडवाइजरी जारी की है। CAQM ने सलाह दी है कि इन दोनों महीनों के दौरान स्कूलों और अन्य संस्थानों में फिजिकल स्पोर्ट्स गतिविधियां या प्रतियोगिताएं आयोजित न की जाएं।
नवंबर-दिसंबर में खराब रहती है एयर क्वालिटी
CAQM ने कहा है कि नवंबर और दिसंबर के दौरान दिल्ली-NCR में एयर क्वालिटी का ट्रेंड आमतौर पर खराब रहता है। ऐसे में खुले में होने वाली खेल गतिविधियों का बच्चों की सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। आयोग ने सलाह दी है कि जो खेल प्रतियोगिताएं पहले से निर्धारित हैं, उन्हें भी किसी दूसरी तारीख पर आयोजित करने की संभावना पर विचार किया जाए। CAQM का कहना है कि प्रदूषण के इस दौर में बच्चों को खुले में लंबे समय तक शारीरिक गतिविधियों से बचाना जरूरी है।
सुप्रीम कोर्ट की चिंता के बाद आया फैसला
CAQM ने अपनी एडवाइजरी में सुप्रीम कोर्ट की ओर से जताई गई चिंता का भी उल्लेख किया है। सुप्रीम कोर्ट में एमसी मेहता बनाम यूनियन ऑफ इंडिया समेत अन्य मामलों की सुनवाई के दौरान दिल्ली-NCR में खराब और गंभीर एयर क्वालिटी को लेकर चिंता जताई गई थी। कोर्ट ने खास तौर पर स्कूलों में आयोजित होने वाली फिजिकल स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले बच्चों की सेहत पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने CAQM से दिल्ली-NCR के स्कूलों के लिए इस संबंध में उचित निर्देश जारी करने को कहा था।
CAQM ने बताया कि नवंबर 2025 में भी दिल्ली सरकार और NCR के राज्यों को इसी तरह की सलाह दी गई थी। तब आयोग ने नवंबर और दिसंबर में होने वाली खेल प्रतियोगिताओं को दूसरी तारीख पर कराने की सलाह दी थी. अब CAQM ने पिछले साल की अपनी सलाह को 2026 के लिए भी दोहराया है। आयोग ने कहा है कि इस साल भी नवंबर और दिसंबर में एयर क्वालिटी की स्थिति को देखते हुए फिजिकल स्पोर्ट्स गतिविधियों और प्रतियोगिताओं को शेड्यूल नहीं किया जाना चाहिए।
पहले से तय प्रतियोगिताओं का क्या होगा?
CAQM ने कहा है कि नवंबर और दिसंबर के लिए पहले से तय की जा चुकी खेल प्रतियोगिताओं को भी री-शेड्यूल किया जा सकता है। हालांकि, आयोग ने स्पष्ट किया है कि इसका असर छात्रों पर नहीं पड़ना चाहिए। आयोग ने सरकारों से कहा है कि प्रतियोगिता की तारीख बदलने के कारण जो छात्र उसमें हिस्सा नहीं ले पाएंगे, उनके लिए वैकल्पिक अवसर तलाशे जाएं। ऐसे छात्रों को बाद में इसी तरह की खेल गतिविधियों में शामिल होने का मौका दिया जा सकता है। CAQM के मुताबिक, प्रतियोगिताओं को ऐसी तारीख पर आयोजित किया जा सकता है, जब एयर क्वालिटी बेहतर हो। इससे छात्रों की सेहत को सुरक्षित रखने के साथ-साथ उनकी पढ़ाई और खेल गतिविधियों पर पड़ने वाले असर को भी कम किया जा सकेगा।
खेलों से दूर करना नहीं, खराब हवा से बचाना मकसद
आयोग ने स्पष्ट किया है कि खेल प्रतियोगिताओं को टालने का मकसद छात्रों को खेलों से दूर करना नहीं है। कोशिश यह सुनिश्चित करने की है कि खराब हवा के बीच उन्हें खुले में फिजिकल एक्टिविटी करने के लिए मजबूर न होना पड़े। CAQM ने सरकारों से ऐसे विकल्प तलाशने को कहा है, जिनके जरिए छात्रों को बाद में खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का मौका मिल सके। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि इस बदलाव से उनकी सेहत और पढ़ाई दोनों प्रभावित न हों। दिल्ली-NCR में सर्दियों के दौरान एयर क्वालिटी अक्सर खराब हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए CAQM ने नवंबर और दिसंबर के लिए पहले से तैयारी करने की सलाह दी है। अब दिल्ली सरकार और NCR के राज्यों को इस एडवाइजरी को ध्यान में रखते हुए खेल प्रतियोगिताओं के शेड्यूल पर फैसला करना होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



