राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का मामला अब मध्य प्रदेश की सियासत में तूल पकड़ता जा रहा है। बंडा दौरे पर रवाना होने से पहले छतरपुर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने प्रदेश सरकार, पुलिस और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में अवैध शराब का कारोबार बिना राजनीतिक संरक्षण के संभव नहीं है।
अवैध शराब नेटवर्क और संरक्षण के आरोप
छतरपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह केवल कुछ लोगों की मौत का मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय अवैध शराब के पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय नेताओं, पुलिस अधिकारियों और प्रशासन की मिलीभगत और संरक्षण के बिना इस तरह का अवैध कारोबार नहीं चलाया जा सकता।
एसपी की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने सागर के वर्तमान पुलिस अधीक्षक (SP) की कार्यप्रणाली पर भी कड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिस अधिकारी के कार्यकाल में पहले मुरैना में जहरीली शराब से मौतें हुईं, वही अब सागर में पदस्थ हैं और फिर ऐसी घटना सामने आ गई। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि यह बेनकाब हो सके कि इस अवैध कारोबार के पीछे असली संरक्षक कौन हैं।
शराब के नशे में थार का खौफनाक हादसाः ब्रिज की रैलिंग तोड़कर 50 फीट नीचे गिरी गाड़ी
सड़क के मुद्दों पर पलटवार
छतरपुर में खराब सड़कों को लेकर हो रहे प्रदर्शन और भाजपा विधायक ललिता यादव द्वारा उनके (दिग्विजय सिंह के) मुख्यमंत्री कार्यकाल की सड़कों को लेकर उठाए गए सवालों पर भी पूर्व सीएम ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों (National Highways) की स्थिति खराब थी, क्योंकि उस समय केंद्र सरकार से पर्याप्त फंड नहीं मिलता था, जबकि राज्य और जिला स्तर की सड़कें काफी बेहतर स्थिति में थीं। बंडा जहरीली शराब कांड पर दिग्विजय सिंह के इन तीखे हमलों के बाद राज्य की राजनीति गर्मा गई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शासन-प्रशासन इन गंभीर आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देता है और इस मामले में आगे क्या सख्त कार्रवाई की जाती है।
सियासत की खबरः पार्षद जीतू यादव की एमआईसी में हुई वापसी, मिला विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग का प्रभार
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



