Business Desk- Promoter Selling Stock : इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज यानी EMS कंपनी Avalon Technologies में बड़ी ब्लॉक डील हो सकती है। प्रमोटर ग्रुप के Bhaskar Srinivasan, BBS Family Trust और KBS Family Trust कंपनी में 6% तक हिस्सेदारी बेच सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस डील की वैल्यू करीब 861.9 करोड़ रुपए हो सकती है।

2,150 से 2,302 रुपए हो सकता है शेयर का भाव

डील के लिए 2,150 से 2,302 रुपए प्रति शेयर का प्राइस बैंड बताया गया है। यह कंपनी के मौजूदा बाजार भाव के मुकाबले अधिकतम करीब 6.6% डिस्काउंट पर हो सकता है। डील में विक्रेताओं के लिए 180 दिन का लॉक-अप पीरियड भी रहेगा। यानी इस अवधि में वे आगे शेयर नहीं बेच सकेंगे।

Nomura ने बढ़ाया शेयर का टारगेट

इसी महीने ब्रोकरेज फर्म Nomura ने Avalon Technologies पर Buy रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने शेयर का टारगेट प्राइस 2,211.24 रुपए से बढ़ाकर 2,767.32 रुपए कर दिया है।

यह शुक्रवार के 2,196.60 रुपए के क्लोजिंग भाव से करीब 26% ज्यादा है। यह टारगेट शेयर को कवर करने वाले सभी ब्रोकरेज में सबसे ज्यादा है।

Zollner के साथ जॉइंट वेंचर पर फोकस

Nomura के मुताबिक, Avalon का यूरोप की Zollner के साथ प्रस्तावित जॉइंट वेंचर कंपनी के लिए अहम हो सकता है। इससे यूरोप में एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज के कारोबार में कंपनी की पहुंच बढ़ सकती है। साथ ही नए ग्लोबल ग्राहक जुड़ने की संभावना है।

ब्रोकरेज के मुताबिक, इस साझेदारी से Avalon को यूरोप में अपनी मौजूदगी बढ़ाने का मौका मिलेगा। कंपनी हेल्थकेयर, लाइफ साइंसेज और टेस्ट एंड मेजरमेंट जैसे सेगमेंट में भी प्रवेश कर सकती है।

एनालिस्ट्स की राय बंटी हुई

Bloomberg के आंकड़ों के मुताबिक, Avalon Technologies को कवर करने वाले 19 एनालिस्ट्स में 9 ने Buy रेटिंग दी है। वहीं 4 एनालिस्ट्स ने Hold और 6 ने Sell रेटिंग दी है।

यानी शेयर को लेकर एनालिस्ट्स की राय एक जैसी नहीं है। कुछ एनालिस्ट्स कंपनी के विस्तार और जॉइंट वेंचर को लेकर पॉजिटिव हैं, जबकि कुछ का शेयर पर अलग नजरिया है।

शेयरों का प्रदर्शन

Avalon Technologies का शेयर मंगलवार को BSE पर 1.37% की तेजी के साथ 2,340 रुपए पर बंद हुआ। पिछले एक महीने में स्टॉक ने करीब 150% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। वहीं, बीते 5 साल में यह 479% बढ़ा है। कंपनी का मार्केट कैप करीब 15.66 हजार करोड़ रुपए है।