प्रदीप मालवीय, उज्जैन। देशभर मं स्वतंत्रता दिवस हर साल 15 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाता है लेकिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी उज्जैन में एक अनूठी परंपरा आज भी पूरी निष्ठा के साथ निभाई जा रही है। उज्जैन में स्वतंत्रता दिवस अंग्रेजी तारीख के अलावा उस सनातन तिथि पर भी मनाया जाता है जिस तिथि को भारत को आजादी मिली थी। इस वर्ष श्रावण कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि 11 अगस्त को पड़ रही है इसलिए इसी दिन उज्जैन में विशेष धार्मिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें: Government Job: MP में निकली बंपर भर्तियां, TET, कांस्टेबल समेत 19 हजार 62 पदों पर होगा एग्जाम, शेड्यूल जारी

15 अगस्त 1947 को थी श्रावण कृष्ण चतुर्दशी

प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य अक्षत व्यास ने बताया कि सनातन संस्कृति में दीवावली, रक्षाबंधन, दशहरा और होली जैसे सभी प्रमुख व्रत व पर्व तिथि के अनुसार ही मनाए जाते हैं। इसीलिए स्वतंत्रता दिवस को भी उसी तिथि के अनुसार मनाया जाना चाहिए, जिस दिन देश स्वतंत्र हुआ था।

उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 1947 को श्रावण कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि थी। इसी परंपरा का पालन करते हुए उनके परिवार में वर्षों से तिथि के अनुसार भी स्वतंत्रता दिवस मनाने की परंपरा चली आ रही है। विशेष बात यह है कि वर्ष 1947 में भारत की स्वतंत्रता का शुभ मुहूर्त उनके परदादा और देश के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित सूर्यनारायण व्यास ने दी निर्धारित किया था।

बड़े गणेश मंदिर के शिखर पर फहरेगा तिरंगा

आचार्य अक्षत व्यास के अनुसार 11 अगस्त को उनके पुराने निवास स्थान से प्रसिद्ध मंदिर तक एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के समापन के बाद भगवान श्री बड़े गणेश जी को राष्ट्रीय ध्वज अर्पित किया जाएगा, जिसके बाद ध्वज और भगवान गणेश का विशेष पूजन-अर्चन होगा।

ये भी पढ़ें: 7वां अंतर्राष्ट्रीय नवकरणीय ऊर्जा सम्मेलन: MP बना ग्रीन एनर्जी हब, CM डॉ. मोहन यादव ने प्रस्तुत किया हरित ऊर्जा मॉडल

कार्यक्रम में महाआरती, देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति, भारत माता के जयघोष और अंत में मंदिर के शिखर पर तिरंगा ध्वज स्थापित किया जाएगा। इस अनूठे आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को यह संदेश देना है कि सनातन परंपरा में तिथि का विशेष महत्व है और देश की आजादी के दिन को उसकी मूल तिथि के साथ भी याद किया जाना चाहिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m