Rajasthan News: डीडवाना: राजस्थान के डीडवाना जिले के मकराना स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार सुबह एक दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई। विद्यालय में सहायक प्रशासनिक अधिकारी (एएओ) के पद पर कार्यरत 58 वर्षीय रामअवतार शर्मा ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली, जिससे वे करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गए। गंभीर हालत में उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मकराना के उपजिला चिकित्सालय से अजमेर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, रामअवतार शर्मा सुबह एक प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल लेकर विद्यालय पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। विद्यालय के एक कमरे में उन्होंने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। उस समय वहां साफ-सफाई कर रही एक महिला कर्मचारी ने उन्हें आग की लपटों में घिरा देखा और मदद के लिए चिल्लाई। आसपास के लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और उन्हें मकराना के उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मकराना थाने के एएसआई अयूब खान अस्पताल पहुंचे और रामअवतार शर्मा के बयान दर्ज किए। अपने पर्चा बयान में शर्मा ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाचार्य ने उन्हें नोटिस देने की बात कही थी, जिसके चलते वे मानसिक रूप से परेशान थे। इस तनाव के कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई औपचारिक पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
घटना की खबर मिलते ही रामअवतार शर्मा के परिजन अस्पताल पहुंचे और इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। यह घटना विद्यालय परिसर और स्थानीय समुदाय में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बयानों व परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें ये खबरें
- बिहार कांग्रेस में बगावत, प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ पटना में 17 मार्च को महासम्मेलन
- मौत ने छीनी खुशियांः भाई की बारात निकलने से पहले बहन की उठी अर्थी, जानिए आखिर ऐसा क्या हुआ था…
- गरियाबंद अश्लील-डांस : निलंबन के बाद भी कुर्सी में जमे हैं SDM, मुख्य सचिव से हुई शिकायत, कलेक्टर ने अब लिया पुलिस का सहारा
- बजट सत्र के छठे दिन सदन में हंगामा, महिला अपराधों पर विपक्ष का सरकार पर हमला, चंद्रशेखर का सरकार पर आरोप, कहा -लालू राज के आंकड़ों से नहीं बच सकती सरकार
- पति ड्रग्स सप्लायर, पत्नी बनी कानून की गवाह: प्री-वैलेंटाइन पर भेजा जेल का गिफ्ट, पुलिस कमिश्नर से शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

