इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में DRI और CBN की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कर्नाटक नंबर की एक काली महिंद्रा थार से 5 करोड़ 69 लाख रुपए की एम्फेटामाइन ड्रग्स जब्त की गई है। इस दौरान तीन तस्करों को दबोचा गया है। जब्त ड्रग्स का वजन 7.116 किलोग्राम आंका गया।
डेढ़ घंटे तक पीछा कर तस्करों को दबोचा
बताया जा रहा है कि DRI और CBN की टीम को ड्रग्स तस्करी की सूचना मिली थी। जानकारी मिलने पर टीम ने उज्जैन-देवास टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग शुरू की। इस दौरान बताए गई गाड़ी की पहचान होने उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस को देखकर बदमाश बैरिकेड तोड़ते हुए मौके से भाग निकले।
टीम ने तुरंत गाड़ी का पीछा शुरू किया और डेढ़ घंटे तक पीछा करने के बाद तस्करों की गाडी को एक पेट्रोल पंप के पास घेरकर रोक लिया।
स्टेपनी में छिपाए थे 21 पैकेट
टीम की तलाशी के दौरान गाड़ी की स्टेपनी के अंदर छिपाकर रखे गए 21 पैकेट मिले। NDPS फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर पैकेट में ‘एम्फेटामाइन’ होने की पुष्टि हुई। DRI ने मौके से मादक पदार्थ और गाड़ी को जब्त कर लिया और गाड़ी में सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट 1985 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल गिरफ्तार तस्करों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रग्स की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे इंदौर या आसपास के किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

