रांची। लालपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पूर्व डीडीसी सुनील कुमार सिंह की मौत की खबर से हड़कंप मच गया। सिद्धो-कान्हू के पास स्थित विंध्यवासिनी अपार्टमेंट में उनका शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, सुनील कुमार सिंह पिछले कुछ समय से बीमारी को लेकर परेशान चल रहे थे। बताया जा रहा है कि वह अपनी परेशानी को लेकर स्वजनों से बातचीत भी करते थे। वह रांची स्थित अपार्टमेंट में अकेले रह रहे थे, जबकि उनकी पत्नी पटना में रहती हैं।
नौकरानी के पहुंचने पर सामने आई घटना
रविवार सुबह करीब 9 बजे नौकरानी जब उनके घर पहुंची, तो कमरे के अंदर उन्हें फंदे से लटका पाया। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
आत्महत्या की वजह की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस फिलहाल घटना को आत्महत्या से जोड़कर जांच कर रही है, हालांकि इसके पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। कमरे की तलाशी लेकर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कोई सुसाइड नोट या अन्य महत्वपूर्ण सुराग मिला है या नहीं। पुलिस बीमारी के अलावा घटना से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।


