Automobile Desk. भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की मांग दिन-ब-दिन तेजी से बढ़ रही है। हाल ही में जारी हुए अगस्त महीने के बिक्री आंकड़ों ने इस बात को साबित कर दिया है कि लोग अब तेजी से पेट्रोल गाड़ियों को छोड़कर इलेक्ट्रिक वाहनों की तरफ रुख कर रहे हैं। इस पूरे महीने में लगभग हर प्रमुख इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी ने अपनी बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की है। हालांकि, बाजार की इस दौड़ में जहां कुछ कंपनियों ने नई ऊंचाइयों को छुआ है, वहीं दिग्गज ब्रांड ओला (Brand Ola) के लिए यह महीना उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
बिक्री के आंकड़ों में सबसे पहला नाम टीवीएस मोटर (TVS Motor) का आता है। कंपनी ने बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखते हुए पहला स्थान हासिल किया है। टीवीएस ने अगस्त के दौरान कुल 48,873 इलेक्ट्रिक वाहन बेचे हैं। पिछले साल इसी अवधि में बेची गई 25,546 गाड़ियों की तुलना में कंपनी ने 91 प्रतिशत की शानदार बढ़त हासिल की है। इस समय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट के कुल 27 प्रतिशत हिस्से पर टीवीएस का कब्जा है। कंपनी की इस सफलता के पीछे उसके लोकप्रिय मॉडल आईक्यूब (iqube) और नए ऑर्बिटर (Orbiter) का सबसे बड़ा हाथ माना जा रहा है, हालांकि जुलाई महीने की तुलना में इसकी मासिक बिक्री में थोड़ी गिरावट जरूर देखी गई है।
दूसरे स्थान पर कब्जा जमाते हुए बजाज (Bajaj) ऑटो ने टीवीएस के साथ अपने फासले को काफी कम कर लिया है। बजाज ने अगस्त में 41,019 यूनिट्स की बिक्री की, जो कि पिछले साल के महज 12,246 यूनिट्स के मुकाबले 235 प्रतिशत की भारी-भरकम बढ़ोतरी को दर्शाता है। इस समय कंपनी के पास कुल बाजार का 22 फीसदी हिस्सा है। वहीं, तीसरे स्थान पर एथर एनर्जी ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। एथर ने 49 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी के साथ 28,708 वाहन बेचे। हाल ही में लॉन्च हुए नए मॉडल्स और नेटवर्क विस्तार के चलते एथर को भारतीय ग्राहकों के बीच लगातार अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
चौथे स्थान पर हीरो मोटोकॉर्प (MotoCorp) का ‘विडा’ ब्रांड रहा, जिसने 18,978 गाड़ियां बेचकर 38 प्रतिशत की सालाना वृद्धि हासिल की। इसके विपरीत, कभी बाजार पर राज करने वाली ओला इलेक्ट्रिक के लिए यह महीना निराशाजनक रहा। ओला एकमात्र ऐसी प्रमुख कंपनी रही जिसकी सालाना बिक्री में गिरावट दर्ज की गई और वह 13,849 यूनिट्स के आंकड़े के साथ सीधे पांचवें पायदान पर खिसक गई।
बड़े ब्रांड्स के अलावा कई उभरते हुए स्टार्टअप्स ने भी इस महीने अपनी परफॉर्मेंस से सभी को चौंकाया है। ग्रीव्स ई-मोबिलिटी ने 89 फीसदी बढ़त के साथ 8,612 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जबकि रिवर मोबिलिटी ने 170 प्रतिशत की ग्रोथ हासिल करते हुए 5,134 स्कूटर्स बेचे। बीगॉस ऑटो भी 4,844 यूनिट्स बेचकर अपनी पकड़ मजबूत करने में सफल रही। छोटे प्लेयर्स में सिंपल एनर्जी ने 1,635 गाड़ियों की डिलीवरी की। वहीं सबसे हैरान करने वाला आंकड़ा मोटोवोल्ट मोबिलिटी का रहा, जिसने 509 प्रतिशत की रिकॉर्ड ग्रोथ दर्ज करते हुए 1,365 यूनिट्स की बिक्री की। बाजार में आए नए मॉडल्स जैसे एथर कोणार्क और सिंपल वेव की एंट्री से आने वाले समय में यह मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



