चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में बदमाशों के बढ़ते हौसलों का एक और मामला सामने आया है। परदेशीपुरा क्षेत्र के कुछ युवक हाथों में चाकू लेकर इंस्टाग्राम पर लाइव आए और खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करते नजर आए। बताया जा रहा है कि यह वीडियो एक बर्थडे पार्टी के दौरान बनाया गया, जिसमें युवक शराब के नशे में फिल्मी गानों पर चाकू लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

READ MORE: खसरा ने ली मासूम की जान: 6 बच्चे अब भी पीड़ित, आंगनबाड़ी और स्कूलों को 7 दिन बंद करने की सिफारिश

दरअसल यह वायरल वीडियो परदेशीपुरा क्षेत्र के बदमाश विशाल धनगर और उसके साथियों का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले विशाल धनगर का जन्मदिन था, जिसके उपलक्ष्य में एक होटल में पार्टी आयोजित की गई थी। इसी दौरान विशाल अपने साथियों के साथ इंस्टाग्राम पर लाइव आया। वीडियो में विशाल धनगर के साथ सुमित धनगर और साहिल काले भी दिखाई दे रहे हैं। युवकों के हाथों में बड़े और छोटे चाकू साफ नजर आ रहे हैं, जिन्हें वे फिल्मी और बदमाशी वाले गानों पर लहराते हुए डांस कर रहे हैं। 

READ MORE: दूसरे मर्द के साथ घूम रही थी पत्नी, पति ने रंगे हाथों पकड़ा, बीच सड़क जड़े थप्पड़

लाइव के दौरान युवकों ने क्षेत्र के एक अन्य बदमाश लोकेश खोपड़े का नाम लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं। पुलिस सूत्रों के अनुसार विशाल धनगर और साहिल काले के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं हाल ही में शहर में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने ऐसे बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m