चंडीगढ़ : पंजाब में भारी बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के कारण कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। अब तक इस आपदा में 29 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 2.5 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
इस संकट की घड़ी में बॉलीवुड और पंजाबी सितारों ने जरूरतमंदों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। संजय दत्त, सोनू सूद, दिलजीत दोसांझ, एमी विर्क और गुरु रंधावा जैसे सितारे राहत कार्यों में जुटे हैं।
दिलजीत दोसांझ ने 10 बाढ़ प्रभावित गांवों को लिया गोद
पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने अपनी सांझ फाउंडेशन के तहत अमृतसर और गुरदासपुर के 10 बाढ़ प्रभावित गांवों को गोद लेने की घोषणा की है। दिलजीत ने इसके लिए तीन चरणों में योजना बनाई है। पहले चरण में, लोगों को तिरपाल, दवाइयां और सोलर लाइटें दी जाएंगी। दूसरे चरण में, गोद लिए गए गांवों का सर्वेक्षण कर जरूरत के अनुसार मदद दी जाएगी। तीसरे चरण में, बाढ़ से प्रभावित घरों की मरम्मत और किसानों को आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
एमी विर्क ने 200 बाढ़ प्रभावित घरों को लिया गोद
पंजाबी अभिनेता और गायक एमी विर्क ने बाढ़ से हुई तबाही पर दुख जताते हुए 200 घरों को गोद लेने का ऐलान किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावनात्मक पोस्ट में लिखा, “पंजाब में बाढ़ से हुई तबाही देखकर हमारा दिल दुखी है। अपने लोगों को बेघर देखना बेहद पीड़ादायक है। हमारी छोटी सी कोशिश में, हम 200 घरों को गोद ले रहे हैं ताकि जिन्होंने सब कुछ खो दिया, उन्हें सहारा मिले। यह सिर्फ आश्रय देने की बात नहीं, बल्कि उम्मीद, सम्मान और नई शुरुआत की ताकत देने की बात है।”

मिका सिंह की अपील
गायक मिका सिंह ने भी इस मुश्किल वक्त में पंजाब के लोगों से एकजुट होकर मदद करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं इस राहत अभियान में शामिल हो रहे हैं और चाहते हैं कि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम का हिस्सा बनें।
गुरु रंधावा ने लगाए राहत शिविर
पंजाबी गायक गुरु रंधावा ने भी बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए राहत शिविर लगाए हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “पंजाब और बाढ़ से प्रभावित सभी राज्यों के लिए प्रार्थना। आइए, हम हर संभव मदद करें। मैं अपने इलाके डेरा बाबा नानक और अपने गांव धारोवाली के पास राहत शिविर लगा रहा हूं।” उनकी टीम जरूरतमंदों को राशन और पीने का पानी पहुंचा रही है।
सोनू सूद ने बढ़ाया मदद का हाथ
बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद, जो कोविड-19 महामारी के दौरान अपनी मानवीय मदद के लिए जाने जाते हैं, ने एक बार फिर पंजाब के लिए समर्थन जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर कहा, “मैं पंजाब के साथ हूं। इस विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित कोई भी व्यक्ति अकेला नहीं है। हम सब मिलकर हर एक व्यक्ति को फिर से अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद करेंगे। अगर आपको किसी भी तरह की मदद की जरूरत है, तो बेझिझक संदेश भेजें।” उन्होंने सूद चैरिटी फाउंडेशन के माध्यम से एक हेल्पलाइन नंबर (+91 7888675107) भी शुरू किया है।
संजय दत्त का समर्थन
बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने भी पंजाब की बाढ़ को “दिल दहला देने वाला” बताते हुए हर संभव मदद का वादा किया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “पंजाब में बाढ़ से हुई तबाही वाकई दिल दहला देने वाली है। प्रभावित सभी लोगों को शक्ति और प्रार्थनाएं भेज रहा हूं। मैं हर तरह से समर्थन करूंगा। बाबाजी सभी को आशीर्वाद और सुरक्षा दें।”
- नदी में तैरते मिले दो हाथियों के शव, इलाके में मचा हड़कंप, जांच में जुटा वन विभाग
- भागलपुर में 14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, 27 बेंचों पर सुलझेंगे लंबित मामले
- LPG उत्पादन 25 प्रतिशत बढ़ा, बुकिंग के बाद ढाई दिन में मिलेगा सिलेंडर- पेट्रोलियम मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी, लोगों से की न घबराने की अपील
- राजधानी में हुआ गो प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध का शंखनाद, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बोले- हम अपनी चतरंगिनी सेना बनाएंगे, गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने पर दिया जोर
- नशे के सौदागरों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओडिशा में दबिश देकर दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को दबोचा, 51 लाख का माल बरामद

