Rajasthan Leopard Attack: राजस्थान के सिरोही जिले में पहली बार तेंदुए ने इंसान पर घातक हमला किया। इस हमले में 12 साल की बच्ची विमला (पुत्री उजमाराम) की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बुधवार देर रात रोहिड़ा जोड़ क्षेत्र में उत्तमेश्वर महादेव मंदिर के पास बसे गांव में हुई। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।

घर के बाहर खड़ी थी बच्ची
ग्रामीणों के मुताबिक विमला रोजमर्रा के काम निपटाने के बाद घर के बाहर खड़ी थी। तभी पास की झाड़ियों से अचानक तेंदुआ निकला और उस पर झपटा। तेंदुए ने बच्ची के गले को दबोच लिया और कुछ ही पलों में उसकी जान चली गई। परिजनों और ग्रामीणों ने शोर मचाकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
ग्रामीणों का आरोप- वन विभाग ने अनदेखी की
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में धनारी और आसपास के गांवों में लेपर्ड का मूवमेंट देखा जा रहा था। इसकी सूचना कई बार वन विभाग को दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। हादसे के बाद गांव के लोग आक्रोशित हैं और मांग कर रहे हैं कि इलाके में पिंजरे लगाकर तेंदुए को पकड़ा जाए।
अरावली क्षेत्र में बढ़ते वन्यजीव खतरे
सिरोही अरावली की पहाड़ियों से घिरा इलाका है, जहां हमेशा से जंगली जानवरों और परिंदों की संख्या अधिक रही है। लेकिन हाल के वर्षों में शिकार और पानी की कमी के चलते जानवर इंसानी बस्तियों की ओर बढ़ रहे हैं। यहां भालुओं के हमले आम हो गए थे, लेकिन पहली बार तेंदुए ने किसी इंसान की जान ली है।
अधिकारियों से संपर्क नहीं
गांववालों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद वन विभाग ने गश्त नहीं बढ़ाई और न ही सुरक्षा के उपाय किए। जब अधिकारियों से इस मामले में पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। विभाग का पक्ष मिलने पर उसे खबर में शामिल किया जाएगा।
पढ़ें ये खबरें
- Railway Summer Special Trains: मदार-हावड़ा और उदयपुर-आसनसोल स्पेशल ट्रेनें शुरू, देखें शेड्यूल
- Singrauli Bank Robbery Case: 61 ग्राम सोना… 15.72 लाख कैश, बिहार के कमलेश के पास लूट का इतना माल देख पुलिस भी हुई हैरान
- नासिक TCS कांड में आया नया मोड़, पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने ‘शादी की बात छिपाई’, जबरन संबंध बनाए
- Delhi Metro Phase-4 Project: दिल्ली मेट्रो फेज-4 का CM रेखा गुप्ता ने किया निरीक्षण, दिए कई निर्देश
- सीएम योगी ने दी अक्षय तृतीया और भगवान परशुराम जयंती की बधाई, प्रदेश के लिए की सुख-समृद्धि की कामना
