फिरोजाबाद. रक्षाबंधन पर घर लौट रही 21 वर्षीय युवती की फिरोजाबाद में हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, युवती अपने प्रेमी राहुल उर्फ नितिन के साथ होटल गई थी. वहां दोनों के बीच विवाद के बाद आरोपी ने उसका सिर दीवार पर पटक दिया. गंभीर चोट और अंदरूनी रक्तस्राव के कारण युवती की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी प्रेमी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका दोस्त अभिषेक फरार है.

परिवार का आरोप है कि युवती की हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया. पुलिस ने भी मामले में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई है. युवती की बड़ी बहन ने आरोप लगाया कि उसकी सहेली काजल ने साजिश के तहत बहन को आरोपियों के पास भेजा और उसकी हत्या करवाई. पुलिस अब काजल की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

तीन महीने बाद घर लौट रही थी युवती

युवती नसीरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली थी. उसने 12वीं तक की पढ़ाई आरोपी राहुल के साथ की थी. इसके बाद वह बीएससी बायो की पढ़ाई कर रही थी और नर्सिंग का सर्टिफिकेट कोर्स भी कर रही थी. करीब ढाई महीने पहले वह नौकरी के लिए गुरुग्राम गई थी. परिवार को बाद में पता चला कि वह ब्लिंकिट में काम कर रही थी. रक्षाबंधन पर वह गुरुग्राम से घर लौट रही थी. शिकोहाबाद पहुंचने के बाद उसने परिवार को बताया कि देर हो गई है और वह अपनी सहेली के यहां रुक जाएगी. सहेली काजल ने भी परिवार को भरोसा दिलाया था कि युवती सुबह घर पहुंच जाएगी.

प्रेमी के जन्मदिन पर होटल पहुंची

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को राहुल का जन्मदिन था और उसने युवती से मिलने की योजना बनाई थी. शाम करीब 8 बजे युवती ने अपना बैग काजल के यहां रखा और राहुल के साथ चली गई. रात करीब 10 बजे दोनों मईयामई इलाके के एक होटल पहुंचे. राहुल ने अपने दोस्त अभिषेक की मदद से पहले से कमरा बुक कराया था. पुलिस के मुताबिक, होटल में राहुल ने सेक्स पावर बढ़ाने की दवा ली और युवती के साथ संबंध बनाए. इस दौरान उसके प्राइवेट पार्ट में ब्लीडिंग हुई. रात करीब ढाई बजे राहुल ने दोबारा संबंध बनाने की कोशिश की, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया. इसके बाद आरोपी ने गुस्से में उसका सिर दीवार पर पटक दिया.

अस्पताल ले जाते समय बिगड़ी हालत

युवती की हालत गंभीर होने पर राहुल और अभिषेक उसे बाइक से अस्पताल ले गए. राहुल बाइक चला रहा था और अभिषेक युवती को बीच में बैठाकर ले जा रहा था. पुलिस के अनुसार, रास्ते में युवती के पैरों और कपड़ों पर खून लगा था. रात करीब 3 बजे वे मां सावंती देवी अस्पताल पहुंचे, जहां टेक्नीशियन ने युवती को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने राहुल को पकड़ लिया, जबकि अभिषेक फरार हो गया.

बहन ने काजल पर लगाया साजिश का आरोप

युवती की बड़ी बहन ने कहा कि रक्षाबंधन पर घर आने की खुशी थी, लेकिन बहन की जगह उसकी लाश पहुंची. उसने आरोप लगाया कि काजल ने साजिश के तहत उसकी बहन को आरोपियों के पास भेजा और उसके साथ गलत काम करवाकर हत्या करवा दी. मां ने बताया कि बेटी ने घर आने से पहले फोन कर कहा था कि उसे बहुत तेज भूख लगी है और उसके लिए अच्छा खाना बना दें. परिवार उसका इंतजार करता रहा, लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर मिली.

एसपी देहात अनुज चौधरी ने बताया कि राहुल को गिरफ्तार किया गया है और मामले में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई गई है. फरार अभिषेक की गिरफ्तारी, सहेली काजल की भूमिका और मोबाइल समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है.