सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. इसी बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने दावा किया है कि 2027 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी और विपक्षी दलों के सभी सियासी मंसूबे नाकाम हो जाएंगे.

केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जितने भी राजनीतिक समीकरण बनाने की कोशिश कर ले, लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता उनके अवसरवादी गठबंधन को पहले ही समझ चुकी है.

इसे भी पढ़ें- इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, 2 से ज्यादा संतान वाली महिला कर्मचारियों को झटका

“अखिलेश, मायावती और राहुल गांधी भी नहीं रोक पाएंगे भाजपा की जीत”

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती और कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी पूरी ताकत लगा लें, लेकिन भाजपा को तीसरी बार सरकार बनाने से नहीं रोक पाएंगे. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के विकास कार्यों और सुशासन से संतुष्ट है. मौर्य ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता का फिर से समर्थन मिलेगा और पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी.

डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों का किया जिक्र

केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और प्रदेश की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास, कानून व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए सरकार जनता का भरोसा जीतने में सफल रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा जहां भी सरकार बनाती है, वहां सुशासन और विकास के आधार पर जनता का विश्वास हासिल करती है. उन्होंने दावा किया कि देश में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए डबल इंजन सरकार लगातार काम कर रही है.

“विपक्ष के सारे सियासी मंसूबे फिर धरे रह जाएंगे”

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2027 के चुनाव को देखते हुए विपक्षी दल नए गठबंधन और रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं, लेकिन जनता उनके प्रयासों को स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है और आने वाले चुनाव में एक बार फिर कमल खिलेगा. मौर्य ने दावा किया कि भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने का इतिहास रचेगी.

इसे भी पढ़ें- ‘जंतर-मंतर विवाद के पीछे बड़ी साजिश थी’ ब्रज भूषण शरण सिंह ने हुड्डा परिवार पर लगाए गंभीर आरोप

हालांकि विपक्षी दल लगातार भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, महंगाई और जनहित के मुद्दों को लेकर सवाल उठाते रहे हैं. ऐसे में 2027 का विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश की राजनीति में बेहद अहम माना जा रहा है.