शिखिल ब्यौहार, भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संभावित/प्रस्तावित दौरों और राजनीतिक गतिविधियों पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उच्च शिक्षा/स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने तीखा हमला बोला है। दोनों नेताओं ने कांग्रेस के लंबे शासनकाल पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जनता हिसाब मांग रही है और राहुल गांधी को यह बताना होगा कि 55 साल के शासन में विकास की गति क्यों धीमी रही।

नेता प्रतिपक्ष को आत्मनिरीक्षण की नसीहत

सीएम डॉ मोहन ने कहा कि देश में 55 साल तक कांग्रेस की सरकार रही, तब विकास के नाम पर उपेक्षा हुई। 55 साल पहले का बजट जहां मात्र 22,000 करोड़ रुपये था, वहीं आज भाजपा सरकार में बजट 4,38,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। “इतना समय क्यों गंवाया, इसका उत्तर राहुल गांधी को देना होगा।” सीएम ने सवाल उठाया कि लोकसभा में नारी वंदन अधिनियम का विरोध क्यों किया गया? क्या देश की आधी आबादी को वे नहीं जानते? कर्नाटक में कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि वहां एक भी महिला मंत्री क्यों नहीं बनाई गई? नेता प्रतिपक्ष को आत्मनिरीक्षण करने की नसीहत दी।

युवाओं का भविष्य पूरी तरह सुरक्षित

भाजपा शासन में प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है और युवाओं का भविष्य पूरी तरह सुरक्षित है। शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा-कि राहुल गांधी को मध्य प्रदेश आने के बजाय कर्नाटक, तेलंगाना और पंजाब जाना चाहिए था, उन्होंने गलत प्रदेश चुन लिया है। मध्य प्रदेश में योजनाओं का लाभ धरातल पर मिल रहा है। भविष्य हाईटेक एजुकेशन की तरफ बढ़ रहा है। राज्य में किसी प्रकार की कोई कमी या समस्या नहीं है।

शिक्षाकर्मी कल्चर आपने शुरू किया

शिक्षा मंत्री ने कहा, “राहुल को अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। जब तक हिंदुस्तान में आपकी सरकार रही, देश-प्रदेश में कुछ नहीं किया। शिक्षाकर्मी कल्चर आपने शुरू किया था, जबकि आज हमारी सरकार अतिथि शिक्षकों को भी 15,000, 12,000 और 20,000 रुपये तक दे रही है।” एक तरफ जहां कांग्रेस छात्रों और स्थानीय मुद्दों को लेकर मुखर होने की कोशिश कर रही है, वहीं भाजपा ने बजट, महिला सशक्तिकरण और पुराने शिक्षा सुधारों के मुद्दे आगे करके आक्रामक रुख अपना लिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m