पानीपत। समालखा में मंगलवार को गुलाटी रोड के व्यस्त बाजार में एक पिटबुल कुत्ते ने करीब 50 मिनट तक उत्पात मचाया। इस दौरान कुत्ते ने एक महिला समेत 3 लोगों को काट लिया। कुत्ते के डर से बाजार में आए लोग दुकानों के अंदर घुस गए। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। कुछ लोग डंडे लेकर कुत्ते के सामने खड़े हो गए, ताकि वह दूसरे लोगों को न काट सके।

दुकान में घुसकर युवक और मालिक पर किया हमला

घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। इसमें पिटबुल एक दुकान में घुसकर एक युवक और दुकान मालिक पर हमला करता दिख रहा है। कुत्ता दुकान के काउंटर पर भी पैर रखकर खड़ा हो गया।

इसके बाद कुत्ता दुकान से बाहर चला गया। बाजार में मौजूद लोग उसके कारण काफी देर तक दहशत में रहे।

पहले महिला को काटा, फिर दो राहगीरों पर हमला

सुबह करीब 11 बजे ब्राउन रंग का पिटबुल गुलाटी रोड के बाजार में पहुंचा। उसने सबसे पहले एक महिला को काटा। इसके बाद दो अन्य राहगीरों को भी काट लिया।

कुत्ते के हमले के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। डर के चलते लोग दुकानों के अंदर चले गए।

डंडे लेकर कुत्ते को रोका

बाजार में मौजूद किसी व्यक्ति ने डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों ने डंडों की मदद से कुत्ते को एक तरफ रोक लिया, ताकि वह दूसरे लोगों को नुकसान न पहुंचा सके।

पुलिस ने आसपास कुत्ते के मालिक का भी पता किया, लेकिन कोई सामने नहीं आया।

युवक ने कुत्ते को पकड़कर शेल्टर पहुंचाया

इसके बाद एक युवक मौके पर पहुंचा और किसी तरह पिटबुल को काबू कर लिया। वह कुत्ते को अपने डॉग शेल्टर में ले गया।

समालखा पुलिस के अनुसार, कुत्ते के मालिक का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घायल लोगों की ओर से भी पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m