Rajasthan Politics: राजस्थान की राजनीति में अब एक और नया विवाद खड़ा हो गया है. नागौर से सांसद और आरएलपी अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल का आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार राज्य के लोक देवताओं से जुड़े प्रमुख स्थलों को लेकर गंभीर नहीं है. उनके मुताबिक वीर तेजाजी महाराज की जन्मस्थली खरनाल और बिश्नोई समाज के आस्था केंद्र मुकाम को धार्मिक पर्यटन के तौर पर विकसित करने की कोई योजना केंद्र सरकार के पास नहीं है.

बेनीवाल ने लोकसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन यह मुद्दा उठाया. उनका कहना है कि जब उन्होंने दोनों स्थलों के बारे में सवाल किया, तो केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने साफ कहा कि इन जगहों के विकास के लिए कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है. बेनीवाल के मुताबिक उन्होंने अपने प्रश्न में मुकाम का नाम भी शामिल किया था, लेकिन मंत्री ने जवाब में उसका जिक्र तक नहीं किया. यही बात उनके आरोपों को और तेज कर रही है.
उन्होंने कहा कि अगर राज्य सरकार ने प्रस्ताव नहीं भेजे हैं, तो मंत्री खुद यह प्रक्रिया शुरू करवाने की पहल कर सकते थे. बेनीवाल का कहना है कि वे इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर शिकायत भी करेंगे.
केंद्र के लिखित जवाब में यह स्पष्ट किया गया है कि नागौर के खरनाल गांव के लिए कोई प्रस्ताव मंत्रालय को नहीं मिला है. हालांकि मंत्रालय ने यह भी बताया कि धार्मिक पर्यटन के लिए कई राष्ट्रीय योजनाएं पहले से चल रही हैं, जिनमें प्रशाद योजना, स्वदेश दर्शन योजना और केंद्रीय सहायता योजनाएं शामिल हैं.
प्रशाद योजना के तहत तीर्थ और विरासत स्थलों पर अवसंरचना विकसित की जाती है. अब तक 28 राज्यों में 54 परियोजनाएं मंजूर हो चुकी हैं. स्वदेश दर्शन योजना के तहत आध्यात्मिक, बौद्ध, कृष्ण और अन्य पर्यटन परिपथों पर 76 परियोजनाओं को मंजूरी मिली है.
मंत्रालय के अनुसार अप्रैल 2023 से राजस्थान में कई धार्मिक परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, लेकिन खरनाल के लिए कोई प्रस्ताव नहीं भेजा गया. मंत्रालय ने दोहराया कि यह प्रक्रिया राज्यों के प्रस्ताव आने पर ही आगे बढ़ती है. बेनीवाल का कहना है कि जवाब की भाषा से ही यह स्पष्ट है कि राजस्थान के लोक देवता और बिश्नोई समाज के धार्मिक स्थलों की अनदेखी की जा रही है.
पढ़ें ये खबरें
- 10 April History : आर्य समाज की स्थापना, चंपारण सत्याग्रह की शुरुआत, वैज्ञानिक नौतम भट्ट का जन्म… जानिए आज की महत्वपूर्ण घटनाएं
- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 10 April : श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
- 10 April 2026 Horoscope : इस राशि के नौकरीपेशा लोगों का हो सकता है प्रमोशन, मेष और तुला के लिए आज आएंगी खुशियां …
- 10 अप्रैल महाकाल आरती: भगवान महाकालेश्वर को त्रिपुंड-त्रिनेत्र अर्पित, घर बैठे यहां कीजिए दर्शन
- बिहार मॉर्निंग ब्रीफ : राजद की प्रेस कॉन्फ्रेंस, जदयू की बैठक, TRE- 4 शिक्षक अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, एक नजर आज के होने वाले बड़े कार्यक्रमों पर…
