पटना शहर के बख्तियारपुर–मोकामा फोरलेन पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। घने कोहरे के कारण तीन गाड़ियां आपस में टकरा गई जिसमें पिता और बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कंटेनर का टायर फटने से रुकी गाड़ी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेगूसराय से पटना की ओर जा रहा एक कंटेनर अथमलगोला थाना क्षेत्र के फुलेलपुर गांव के पास खड़ा था। कंटेनर का पिछला टायर अचानक फट गया, जिससे चालक ने उसे सड़क किनारे रोक दिया।

स्कॉर्पियो और क्रेटा की टक्कर

घने कोहरे के कारण पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो कंटेनर को नहीं देख सकी और उसमें जा भिड़ी। कुछ ही देर बाद पीछे से आ रही क्रेटा कार भी स्कॉर्पियो से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो की छत उड़ गई और क्रेटा कंटेनर के अंदर घुस गई।

पिता-बेटी की मौके पर मौत

हादसे में बांका जिले के रजौन निवासी बैंककर्मी अनुपम कुमार और उनकी बेटी आस्था की मौके पर ही मौत हो गई। अनुपम कुमार का सिर पूरी तरह कुचल गया, जबकि बेटी का सिर धड़ से अलग हो गया।

क्रेन से निकाली गई बॉडी

दोनों शव स्कॉर्पियो में बुरी तरह फंसे थे। करीब आधे घंटे बाद NHAI की क्रेन मंगाकर शवों को बाहर निकाला गया। शवों की पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था।

पत्नी गंभीर, बेटा सदमे में

हादसे में अनुपम की पत्नी श्वेता गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि बेटे सन्नी को हल्की चोट आई है। अन्य घायलों में क्रेटा सवार एके चंदन शामिल हैं।

परिवार फरीदाबाद जा रहा था

अनुपम कुमार का तबादला फरीदाबाद हुआ था और वे परिवार के साथ वहां जा रहे थे। दोनों शव पोस्टमॉर्टम के बाद अस्पताल में रखे गए हैं।