Automobile Desk – EV Insurance : देश में इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) की मांग तेजी से बढ़ रही है। पर्यावरण के अनुकूल होने और रनिंग कॉस्ट कम होने के कारण लोग पेट्रोल-डीजल गाड़ियों के बजाय इलेक्ट्रिक कारों को प्राथमिकता दे रहे हैं। लेकिन, यदि आप नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने की योजना बना रहे हैं या हाल ही में खरीदी है, तो केवल स्टैंडर्ड इंश्योरेंस पॉलिसी के भरोसे रहना एक बड़ी भूल साबित हो सकती है। सामान्य मोटर इंश्योरेंस आपकी ईवी के महंगे और संवेदनशील पार्ट्स को पूरा सुरक्षा चक्र प्रदान नहीं करता। ऐसे में वित्तीय नुकसान से बचने के लिए ‘EV Protect Add-on Cover’ एक अनिवार्य विकल्प बनकर उभरा है।

इलेक्ट्रिक कार की पूरी तकनीक पारंपरिक पेट्रोल-डीजल गाड़ियों से बिल्कुल अलग होती है। इसमें आईसी इंजन के बजाय हाई-कैपेसिटी बैटरी पैक, इलेक्ट्रिक मोटर, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स और एडवांस चार्जिंग सिस्टम का इस्तेमाल होता है। गाड़ी का कुल मूल्य का एक बड़ा हिस्सा (लगभग 40 से 50 प्रतिशत) सिर्फ उसकी बैटरी और मोटर में ही लगा होता है। साधारण मोटर इंश्योरेंस में मुख्यतः थर्ड-पार्टी लायबिलिटी और बुनियादी एक्सीडेंटल डैमेज कवर होता है, लेकिन ईवी के विशिष्ट पार्ट्स पर होने वाले अचानक खर्च उसमें शामिल नहीं होते।
बारिश और मानसून के मौसम में सड़कों पर जलजमाव होना आम बात है। यदि वॉटर-लॉगिंग की स्थिति में कार के नीचे लगी बैटरी में पानी प्रवेश कर जाता है या नमी आ जाती है, तो बैटरी का पूरा मॉड्यूल खराब हो सकता है। बैटरी को बदलने का खर्च लाखों रुपये में आता है। इसी तरह, यदि गाड़ी के मोटर कूलिंग सिस्टम से कूलेंट लीक हो जाए और ओवरहीटिंग के कारण मोटर डैमेज हो जाए, तो स्टैंडर्ड पॉलिसी इसे कवर नहीं करती। ईवी प्रोटेक्ट एड-ऑन ऐसी स्थितियों में होने वाले व्यापक नुकसान की भरपाई करता है।
इसके अलावा, कार के साथ आने वाला होम चार्जर या पोर्टेबल चार्जिंग केबल भी काफी कीमती उपकरण होता है। चूहे द्वारा वायरिंग काटने, अचानक वोल्टेज में आए उतार-चढ़ाव (पावर सर्ज) से चार्जर जलने या चोरी होने की स्थिति में नया चार्जर खरीदना जेब पर भारी पड़ सकता है। यह विशेष एड-ऑन कवर चार्जर और उसके एसेसरीज की सुरक्षा की गारंटी भी देता है। साथ ही, शॉर्ट-सर्किट या इलेक्ट्रिकल मालफंक्शन से होने वाली आगजनी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए यह कवर मानसिक शांति प्रदान करता है। प्रीमियम में थोड़ी सी बढ़ोतरी करके आप अपनी कार के सबसे महंगे कंपोनेंट्स को पूरी तरह सुरक्षित रख सकते हैं।


