Bihar Weather Report: बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राज्य के कई जिलों में फिर से घना कोहरा देखने को मिल रहा है। कल शनिवार को भागलपुर में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे, जहां सुबह के समय विजिबिलिटी घटकर करीब 50 मीटर तक रह गई। उत्तर बिहार के कई इलाकों में भी सुबह घना कोहरा छाया रहा। हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिली। मौसम विभाग के अनुसार आज रविवार को भी मौसम के इसी तरह रहने के आसार हैं।

कुछ इलाकों में हो सकती है बूंदाबांदी

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में सर्द हवाओं के चलते रात के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली है। हालांकि फिलहाल ठंड के और ज्यादा बढ़ने के आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में आसमान साफ रहने और दिन में अच्छी धूप निकलने की संभावना है, जिससे दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में फिर से शीतलहर या कोल्ड-डे जैसे हालात नहीं बनेंगे, लेकिन कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

इन जिलों में रहेगा कोहरे का असर

मौसम विभाग के मुताबिक, फरवरी के पहले दिन पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली और समस्तीपुर जिलों में कोहरे का असर देखा जा रहा है। बाकी जिलों में हल्का धुंध रहने की संभावना है। हालांकि सुबह धूप निकलने के बाद कोहरे का असर कम हो जाएगा। वहीं 2 फरवरी को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली और समस्तीपुर में घना कोहरा छा सकता है, जबकि अन्य जिलों में हल्का कुहासा रहने की संभावना है।

3 फरवरी को हो सकती है हल्की बारिश

मौसम विभाग ने बताया है कि 3 फरवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में हल्की बारिश होने की उम्मीद है। इसके साथ ही इन जिलों के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि बाकी जगहों पर मौसम शुष्क बना रहेगा। कल शनिवार को तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिला। राजगीर में सबसे अधिक 24.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जबकि मुजफ्फरपुर में सबसे कम 20 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: अटल सभागार में बजट का लाइव प्रसारण, राजद कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस, शिव विवाह रथ को हरी झंडी दिखाएंगे दिलीप जायसवाल, कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस, एक नजर आज के होने वाले बड़े कार्यक्रमों पर…