भिलाईनगर। बीएसपी के रिटेंशन पॉलिसी को लेकर शनिवार को रिटेंशनधारियों ने जमकर आक्रोश व्यक्त किया. आज यह ऐलान भी कर दिया कि मैनेजमेंट ने सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो वे 16 फरवरी से इक्विपमेंट चौक में अनिश्चितकालीन क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे.

यह भी पढ़ें : CG News : BJP दफ्तर में तीन माह बाद फिर शुरू होगा सहयोग केंद्र, 3 से 6 फरवरी तक मंत्री सुनेंगे समस्याएं

पायोनियर मोन्यूमेंट में आज रिटेंशनधारियों की साप्ताहिक बैठक हुई. रिटेंशनधारियों ने कहा कि उन्होंने नगर सेवाएं विभाग के अधिकारियों को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया था. इसके पूर्व सांसद विजय बघेल भी अल्टीमेटम दे चुके थे. मैनेजमेंट के कुछ अफसर नंदिनी और राजहरा के बाद सेक्टर 6 को खंडहर बना चुके हैं. अब वे रिटेंशन पालिसी में बदलाव कर पूरे टाउनशिप को खंडहर बनाने पर आमादा हैं. जो लोग रिटेंशन आवासों का पैसा नहीं पटा रहे हैं, उनको खाली कराने के बजाय, जो 2 से 9 लाख रु. जमा किये हैं, और लगातार किराया पटा रहे हैं, उनको बेदखल करने के लिए यह पालिसी लाई गई है.

वक्ताओं ने कहा कि मैनेजमेंट के कतिपय अफसर देश से अलग अपना अलग ही कानून चला रहे हैं. इन लोगों ने पूर्व कर्मचारियों, व्यापारियों सभी को परेशान कर रखा है. टाउन सर्विसेस में बैठे कुछ अफसर कभी भी अचानक कुछ भी बेतुका निर्णय ले लेते हैं और आदेश निकाल देते हैं. सब्जेक्ट टू वैकेशन को बंद कर दिया गया.

ऐसा लगता है कि टाउनशिप को उजाड़ने के लिए कोई गहरी साजिश चल रही है. कोई भी कम्पनी अपने कार्मिकों के अहित में ऐसा निर्णय नहीं लेती जैसा बीएसपी कर रही है. वक्ताओं ने कहा कि बीएसपी के कुछ अफसर डीआईसी को गुमराह कर अपनी मनमानी से टाउनशिप को अशांत करने में लग गए. हैं.

वक्ताओं ने कहा कि अब अंजाम चाहे जो हो लेकिन वे रिटेंशन पालिसी के खिलाफ सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ेंगे, चाहे जियें चाहे मरें . मैनेजमेंट सांसद, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष की भी उपेक्षा करता दिख रहा है. ऐसी स्थिति में अब सड़क पर उतरकर लड़ना होगा. यदि मैनेजमेंट ने रिटेंशन पालिसी पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 16 फरवरी से अनिश्चितकालीन क्रमिक भूख हड़ताल करना तय है.

ग्राम धनोरा में आज माघी पुन्नी मेला

अंडा। धनोरा दुर्ग में हर साल माघी मेला का आयोजन किया जाता है. मंदिर समिति के मनसुखा साहू ने बताया कि 1 फरवरी को माघी पूर्णिमा मेला मंडई का आयोजन होगा. वहीं रात्रि में छत्तीसगढ़ के मशहूर नाच जय छत्तीसगढ़ महतारी नाच पार्टी कुम्हारी चम्पारण वाले का कार्यक्रम होगा. भोजन भंडारा का कार्यक्रम भी रखा गया है. यह जानकारी मंदिर समिति के अध्यक्ष रोहित झब्बू साहू एवं मनसुखा साहू ने दी.

सेलूद में आज से सस्वर मानस गायन प्रतियोगिता

सेलूद। ग्राम सेलूद में 1 जनवरी से त्रिदिवसीय सस्वर मानस गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है. एक फरवरी की सुबह 10 बजे शुभारंभ व दीप प्रज्वलित होगा. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूपेश बघेल पूर्व मुख्यमंत्री व विधायक पाटन होंगे . अध्यक्षता देवेन्द्र चन्द्रवंशी सदस्य, जिला पंचायत दुर्ग करेंगे.

मौत से पहले फेसबुक में पोस्ट कर ग्राफिक्स डिजाइनर ने लगाई फांसी

भिलाईनगर। जामुल थाना अंतर्गत एक निजी कॉलेज के ग्राफिक्स डिजाइनर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मरने से पहले उसने फेसबुक पर टेक्स्ट पोस्ट किया. उसने मौत का जिम्मेदार अपनी पत्नी को बताया है. इसके अलावा उसने खुद को डोमेस्टिक वायलेंस का शिकार भी बताया है. फिलहाल पुलिस मोबाइल डेटा और परिजनों के बयान के आधार पर जांच कर रही है.

जामुल थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि भोज नारायण (36 वर्ष ) मूल रूप से गरियाबंद के राजिम का रहने वाला था और भिलाई में किराए के मकान में रहता था. उसकी एक बेटी भी है. कर्ज के कारण वह पिछले कुछ समय से तनाव में था. कुछ दिनों पहले वह घर से लापता हो गया था. इसके बाद पत्नी ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. जांच के दौरान सामने आया कि उसका महिला प्यून से प्रेम संबंध था.

जांच में यह भी सामने आया है कि भोज अपनी गर्लफ्रेंड को बाहर लेकर गया था. बाद में जब वह उसे छोड़कर घर लौट आया तो पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. पत्नी ने उसे समझाने की कोशिश की और संबंध खत्म करने की बात कही, लेकिन भोज नहीं माना और गर्लफ्रेंड के संपर्क में बना रहा. 28 जनवरी को भोज ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उस समय वह घर पर अकेला था . मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को फंदे से उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया.

बोरवाय में त्रि-दिवसीय माघी पुन्नी मेला आज से

जामगांव आर। ग्राम बोरवाय स्थित राधाकृष्ण मंदिर परिसर में त्रि-दिवसीय श्रीराम चरितमानस गान एवं माघी पुन्नी मेला का आयोजन 1 फरवरी से 3 फरवरी तक किया जा रहा है. कार्यक्रम का शुभारंभ 1 फरवरी को दोपहर 12 बजे दीप प्रज्वलन एवं उद्घाटन के साथ होगा. उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल होंगे. अध्यक्षता डॉ. दयाराम साहू करेंगे. इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहेंगे. 2 फरवरी सोमवार को अतिथि समागम का आयोजन किया जाएगा. इसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, पंचायत प्रतिनिधि एवं विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे.

पांच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ 3 फरवरी से

जामगांव आर। ग्राम बासीन (बटरेल) में आगामी 3 फरवरी से 9 फरवरी तक पंच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं श्री शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है. आयोजन का शुभारंभ 3 फरवरी को कलश यात्रा के साथ होगा. कथा वाचन प्रसिद्ध कथावाचक पं. चेलादास वैष्णव द्वारा किया जाएगा. 4 फरवरी को द्वादश ज्योतिर्लिंग महात्म्य, 5 फरवरी को रुद्राक्ष महत्त्व, कामदेव चरित्र, नारद मोह एवं कुबेर चरित्र, 6 फरवरी को सती चरित्र व पावर्ती जन्म कथा, 7 फरवरी को पावर्ती विवाह उत्सव एवं संध्या दीप महायज्ञ, 8 फरवरी को कातिर्केय एवं गणेश जन्म तथा चढ़ोतरी – शोभायात्रा का आयोजन होगा. 9 फरवरी सोमवार को तुलसी चरित्र, शिव गीता, पूर्णाहुति, भंडारा एवं विभिन्न संस्कारों के साथ किया जाएगा.

स्वयं को आग लगाने वाली कांग्रेस नेत्री ने तोड़ा दम

दुर्ग। कोर्ट स्टाफ एवं पुलिस की मौजूदगी में खुद को मिट्टी तेल डालकर आग लगाने से बुरी तरह झुलसी कांग्रेस नेत्री शबाना निशा उर्फ रानी (37) निवासी पचरी पारा ने डीकेएस हॉस्पिटल रायपुर में इलाज के दौरान शुक्रवार को दम तोड़ दिया है.

जानकारी के मुताबिक, जिस मकान में शबाना रहती थी उस मकान को लेकर न्यायालय में प्रकरण चल रहा था. पिछले सप्ताह कोर्ट के आदेश पर कोर्ट का स्टाफ एवं पुलिस उसका घर खाली कराने पहुंचे थे. इस पर परेशान होकर शबाना ने स्वयं पर मिट्टी तेल डाल कर आग लगा ली थी. किसी तरह लोगों ने उसे कंबल डाल कर बढ़ाने की कोशिश की और और उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से गंभीर स्थिति होने पर उसे तुरंत इलाज के लिए रायपुर ले जाकर भर्ती किया था. 95% जली शबाना निशा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है.

उल्लेखनीय कि वह पिछले दुर्ग नगर निगम चुनाव में वार्ड क्रमांक 28 पचरी पारा से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद पद का चुनाव लड़ चुकी थी. शबाना निशा बचपन से फेरू राम के मकान में किराए से रह रही थी. वह चाहती थी कि मलिक उसे रकम लेकर मकान बेच दे, लेकिन फेरु राम घर नहीं बेचना चाहता था. दोनों के बीच लंबे समय से कोर्ट में विवाद चल रहा था. इस मामले में शबाना को हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद न्यायालय से कब्जा दिलाने के लिए आदेश जारी हुआ था. 22 जनवरी की दोपहर को कोर्ट स्टाफ एवं पुलिस घर खाली करने पहुंचे थे.

श्री नारायण गुरु धर्म समाज सेक्टर-4 भिलाई में सात दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव 8 से

भिलाईनगर। श्रीरायण गुरु धर्म समाज सेक्टर- 4 भिलाई में 9 से 15 फरवरी तक महाशिवरात्रि पर्व का भव्य आयोजन किया जाएगा. प्रत्येक दिन विशेष पूजा अर्चना के साथ प्रसाद वितरण भी किया जाएगा. 8 फरवरी को सर्प बलि पूजा (नाग देवता पूजा) एवं 10 फरवरी को देवी पार्वती को समर्पित श्री चक्र पूजा होगी. यह विशेष पूजा केरल से आए पंडितों द्वारा एवं एसएनजी शिव मंदिर के पंडित प्रकाश शर्मा एवं मंदिर के तंत्री डॉ. एस विजयन द्वारा संपन्न की जाएगी.

महाशिवरात्रि महोत्सव के दिन गणपति हवन के साथ भगवान शिव जी का विशेष अभिषेक किया जाएगा. संध्या भजन एवं जगराता होगा. वहीं भव्य आतिशबाजी का आयोजन भी विशेष आकर्षण का केंद्र होगा.

इस सात दिवसीय महोत्सव में संध्या के समय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे. आयुष और उनके बैंड टीम एवं आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा भजन संध्या तथा शहर के मशहूर गायक पी.टी. उल्लास द्वारा संगीत समारोह का आयोजन किया जाएगा. आराधना भक्ति ऑर्केस्ट्रा द्वारा भी भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा. परनराज भाटिया द्वारा संगीत संध्या का आयोजन एवं दीपेंद्र हलधर द्वारा जगराता का आयोजन किया जाएगा.

श्री नारायण गुरु शिव मंदिर भिलाई दुर्ग ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ का एकमात्र मंदिर है जो कृष्ण शिला द्वारा निर्मित है. आयोजन की व्यवस्था श्री नारायण गुरु धर्म समाज के एक्जीक्यूटिव कमेटी द्वारा की जाती है. यह मंदिर पूर्णतः केरल के वास्तु शैली द्वारा निर्मित है. जहां आने वाले श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के किसी भव्य मंदिर का अनुभव होता है.

दिल्लीवार कुर्मी समाज का वार्षिक अधिवेशन 7 व 8 को

अंडा। दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय समाज का 56 वां वार्षिक प्रांतीय अधिवेशन सर्किल जंजगिरी में 7 एवं 8 फरवरी को ग्राम देवरी (ख), जिला – बालोद में होगा. उद्घाटन 7 फरवरी को प्रातः 8 बजे होगा.

मुख्य अतिथि ओपी चौधरी राजस्व एवं वित्त मंत्री होंगे. अध्यक्षता योगेन्द्र बेलचंदन प्रदेश समाज अध्यक्ष, दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय समाज (छ.ग.) करेंगे. अतिविशिष्ट अतिथि टंकराम वर्मा उच्च शिक्षा मंत्री होंगे. समापन पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि होंगे. अध्यक्षता योगेन्द्र बेलचंदन प्रदेश समाज अध्यक्ष, दि. कू. क्षत्रिय समाज करेंगे. शनिवार 7 को कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा. रात्रि 9.30 फरवरी बजे से दुष्यंत हरमुख कृत रंग झरोखा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी. 6 फरवरी को कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन होगा.

छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंगी भिलाई मंडई

भिलाई नगर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति, परंपरा और कला को समर्पित भिलाई मंडई के 10 दिवसीय महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ. यह आयोजन 30 जनवरी से 8 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है. भिलाई मंडई में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खान-पान और हस्तशिल्प का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है.

आयोजन के पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न स्टॉल्स पर छत्तीसगढ़ी व्यंजन, फर्नीचर, सजावटी वस्तुएं, हस्तशिल्प एवं ग्रामीण उत्पादों का अवलोकन किया. कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक छत्तीसगढ़ी नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई. वहीं रैंप वॉक, लोकनृत्य और गायन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को मंच प्रदान किया गया.

इस आयोजन के मुख्य आयोजक होमन देशमुख, योगेश अग्रवाल एवं प्रकाश महोबिया हैं, जिनके नेतृत्व में यह महोत्सव छत्तीसगढ़ी संस्कृति के उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है. भिलाई मंडई के प्रथम दिन कई विशिष्ट अतिथियों उपस्थिति रही . कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर थे.

इसके साथ ही छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, प्रख्यात लोकगायिका एवं पद्मश्री सम्मानित उषा बारले तथा छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे. आयोजकों ने बताया कि इस 10 दिवसीय आयोजन का प्रमुख आकर्षण आने वाले दिनों में आयोजित होने वाला छत्तीसगढ़ फिल्म अवॉर्ड समारोह होगा, जो राज्य की फिल्म एवं कला प्रतिभाओं को सम्मानित करेगा .

श्रीमद् भागवत कथा कल से

कुम्हली (जामगांव)। भैस बोड़ (कुम्हली) में श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन ग्रामीणों के सहयोग से 2 फरवरी से 10 फरवरी तक किया गया है. प्रवचनकर्ता पं. वरुण तिवारी जेंजरा वाले होंगे. श्रीमद भागवत कथा के पहले दिन 2 फरवरी को कलश यात्रा, देव स्थापना भागवत पूजा गोकर्ण कथा होगी. 3 को व्यास जन्म, परिक्षीत जन्म, वराह अवतार, 4 को ध्रुव चरित्र, सती प्रसंग, राजा रघुमन संवाद, 5 को प्रहलाद चरित्र, समुद्र मंथन, 6 को वामन अवतार श्री कृष्णा, श्रीराम जन्म कथा 7 को कृष्ण बाल लीला, कंस वध, रुखमणी विवाह, 8 को भगवान के अन्य विवाह, सुदामा चरित्र, 9 को परीक्षित मोक्ष, तुलसी वर्षा, शोभा यात्रा और 10 फरवरी को गीता हवन एवं पूर्णाहुति के साथ कथा विराम एवं भंडारा होगा.

शिवधाम कोड़िया में कलश यात्रा के साथ शुभारंभ होगा महाशिवरात्रि उत्सव का

नंदिनी अहिवारा। भूईं फोड़ भगवान शिव के नाम से सुविख्यात शिवधाम कोड़िया में मंदिर प्रबंधन समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय महाशिवरात्रि उत्सव के आयोजन किया जा रहा है. प्रथम दिवस 14 फरवरी को अनंदगांव बेरला के आकर्षक खेल जंवारा झांकी के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी. संध्या 6 बजे पुरोहित पं. चम्पेश शर्मा द्वारा भूमि पूजन पश्चात श्री रामभक्त हनुमान मानस मंडली द्वारा संगीतमय मानस गान और रात्रि 8 बजे से प्रसिद्ध पंडवानी गायक चेतन देवांगन पांहदा कुम्हारी का पंडवानी गायन होगा. दूसरे दिन 15 फरवरी महाशिवरात्रि को मध्य रात्रि से पुजारी रमेशबन गोस्वामी के द्वारा शिव का विशेष श्रृंगार अभिषेक किया जाएगा.