औरंगाबाद। जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमझर शरीफ पंचायत के मोती बिगहा गांव में पांच किशोरियों द्वारा कथित रूप से जहर खाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों में चर्चा है कि इनमें से चार नाबालिग लड़कियों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी की हालत गंभीर है। हालांकि पुलिस ने अब तक न तो मौत की पुष्टि की है और न ही पूरी तरह घटना से इनकार किया है।

खेत में खाया जहरीला पदार्थ

जानकारी के अनुसार राजबंशी टोले की 13 से 16 वर्ष उम्र की पांच सहेलियां गुरुवार सुबह करीब आठ बजे गांव से बाहर बधार स्थित खेत की ओर गई थीं। बताया जा रहा है कि वहां सभी ने एक साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर का असर चार लड़कियों पर तेजी से हुआ, जबकि पांचवीं किशोरी किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को सूचना दी।
ग्रामीणों के अनुसार खेतों में अलग-अलग स्थानों पर चारों किशोरियां अचेत अवस्था में मिलीं। चर्चा है कि बाद में उनका अंतिम संस्कार एक ही चिता पर कर दिया गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत घटनास्थल पर हुई या गांव लाने के बाद।

गांव में चुप्पी, पुलिस उलझन में

शुक्रवार को मामले की चर्चा फैलने के बाद पुलिस को सूचना मिली। थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि सत्यापन के लिए भेजे गए कर्मियों को ग्रामीणों ने घटना से इनकार किया। दो दिन बाद एसडीपीओ अशोक कुमार दास और सर्कल इंस्पेक्टर सुनील कुमार दल-बल के साथ गांव पहुंचे, जहां अधिकांश घर बंद मिले और लोग कुछ भी बताने से बचते दिखे।

पुलिस अब मृत किशोरियों की पहचान, आत्महत्या के कारण और जीवित बची लड़की के ठिकाने की जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि तथ्य सामने आते ही जानकारी साझा की जाएगी।