जालंधर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से ठीक पहले राज्य की सियासत में भूचाल आ गया है. बागी तेवर अपना चुकीं कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने पार्टी से अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है.
इस्तीफे के साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की है, जबकि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर तीखे हमले बोले हैं. डॉ. सिद्धू पिछले कुछ समय से पार्टी से निलंबित चल रही थीं, लेकिन अब उन्होंने औपचारिक रूप से किनारा कर लिया है.
राजा वड़िंग पर फोड़ा ठीकरा, बताया अयोग्य और भ्रष्ट
नवजोत कौर ने अपने इस्तीफे में पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को सीधे निशाने पर लिया. उन्होंने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक लंबी पोस्ट में वड़िंग को अब तक का सबसे “अयोग्य और भ्रष्ट” अध्यक्ष करार दिया.
डॉ. सिद्धू ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “राजा वड़िंग ने जेल जाने से बचने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ साठगांठ कर ली है. उन्होंने अपने निजी और छोटे-मोटे फायदों के लिए पार्टी को बेच दिया है और कांग्रेस को बर्बाद कर दिया है.” उनका कहना है कि पार्टी में काबिल नेताओं की लगातार अनदेखी की जा रही है.

पीएम मोदी की तारीफ और ‘राजनीतिक चोरों’ पर तंज
हैरानी की बात यह रही कि कांग्रेस छोड़ते ही नवजोत कौर के सुर प्रधानमंत्री मोदी के लिए बदल गए. पीएम के जालंधर दौरे से ठीक एक दिन पहले उन्होंने कहा, “ऐसा क्यों है कि जब हमारे देश का मुखिया हमारे राज्य को कुछ देने के लिए आता है, तो सभी ‘राजनीतिक चोर’ मंच पर इकट्ठे हो जाते हैं और उनके दौरे को खराब करने की कोशिश करते हैं?” उन्होंने पीएम के नेतृत्व की सराहना भी की.
‘500 करोड़ के अटैची’ वाले बयान से शुरू हुआ था विवाद
डॉ. नवजोत कौर सिद्धू पिछले साल दिसंबर से ही विवादों में थीं. उन्होंने एक सनसनीखेज दावा किया था कि पंजाब का मुख्यमंत्री बनने के लिए “500 करोड़ रुपये से भरा अटैची” चाहिए होता है, लेकिन उनके पति (नवजोत सिंह सिद्धू) यह इंतजाम नहीं कर सके. इस बयान और अन्य गतिविधियों के चलते उन्हें करीब दो महीने पहले पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था.
नवजोत सिंह सिद्धू ने साधी चुप्पी
पत्नी के इस्तीफे और बागी तेवरों के बीच पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और डॉ. नवजोत कौर के पति नवजोत सिंह सिद्धू ने चुप्पी साध रखी है. वे फिलहाल सक्रिय राजनीति से थोड़ी दूरी बनाए हुए हैं. डॉ. कौर के इस्तीफे ने आगामी चुनावों से पहले पंजाब के राजनीतिक समीकरणों को नया मोड़ दे दिया है.
- इंसान बना हैवान: गाय से अप्राकृतिक कृत्य करने पर भड़की हिंसा, हिंदू संगठन ने आगजनी कर मकान पर बरसाए पत्थर, आरोपी गिरफ्तार
- पुरानी रंजिश को लेकर एक-एक कर 5 लोगों पर जानलेवा हमला, चाकू और पत्थर से किया वार, शिवलिंग की तोड़फोड़ से जुड़ा है मामला
- पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में NEET छात्रा के मौत CCTV फुटेज आया सामने
- चुनावी साल से पहले पंजाब को विशेष पैकेज की आस, बाढ़ और सीमा सुरक्षा का हवाला देकर केंद्र से की बड़ी मांग
- भारत ने बांग्लादेश की आर्थिक मदद घटाई, अमेरिका-ईरान तनाव के कारण चाबहार बंदरगाह को आवंटन नहीं


